आईएसआई समर्थित शहजाद भट्टी आतंकी नेटवर्क के खिलाफ मोदी सरकार का एक्शन, 14 राज्यों से 200 से ज्यादा गिरफ्तार
नई दिल्ली। पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई समर्थित आतंकी गुट ‘शहजाद भट्टी नेटवर्क’ के खिलाफ मोदी सरकार ने बड़ा एक्शन लिया है। टेरर मॉड्यूल के खिलाफ अभियान चलाकर 14 राज्यों से 200 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने खुद इसकी जानदारी दी है। अमित शाह ने बताया कि मोदी सरकार ने स्वतंत्रता दिवस से पहले ISI समर्थित शहजाद भट्टी नेटवर्क को खत्म कर दिया और इसके 200 से ज्यादा सदस्यों को गिरफ्तार करके उसके खतरनाक हमलों के मंसूबों को नाकाम कर दिया।
केंद्रीय गृह मंत्री के मुताबिक भारतीय सुरक्षा बलों ने 14 राज्यों में अलग-अलग जगहों पर एक साथ ऑपरेशन चलाकर इस नेटवर्क को ध्वस्त करने में सफलता पाई है, जो आतंकवाद के प्रति भारत की ‘जीरो-टॉलरेंस’ नीति का एक बेहतरीन उदाहरण है। ISI से फंड पाने वाले शहजाद भट्टी गुट के पास से भारी मात्रा में IED, पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्री के निशान वाले ग्रेनेड, पिस्तौल, जिंदा कारतूस और जासूसी के लिए इस्तेमाल होने वाले CCTV कैमरे समेत काफी अन्य सामान बरामद किया गया है। इस नेटवर्क से जुड़े लोग आतंकी गतिविधियों में शामिल थे और भारत के खिलाफ लगातार षड्यंत्र रचने का काम कर रहे थे। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ यूएपीए, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और एक्सप्लोसिव सब्सटेंसेज एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
इन राज्यों से हुई गिरफ्तारी
उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड, पंजाब, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, बिहार, कर्नाटक, तेलंगाना, केरल, हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर और राज्यों में सुरक्षा एजेंसियों ने राज्य पुलिस के साथ मिलकर 12 अगस्त को रियल टाइम इंटेलिजेंस शेयरिंग सिस्टम के जरिए इस ऑपरेशन को अंजाम दिया था। उत्तर प्रदेश से 62, हरियाणा से 52, दिल्ली से 51 और पंजाब से 44, राजस्थान से 15, महाराष्ट्र से 8 और उत्तराखंड 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जबकि गुजरात, कर्नाटक, बिहार से 3-3 तथा केरल, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर से 2-2 लोगों की अरेस्टिंग हुई है। शहजाद भट्टी के खिलाफ 80 से ज्यादा एफआरआर दर्ज की जा चुकी हैं।
