मक्का जॉइंट डिफेंस एग्रीमेंट की डोनाल्ड ट्रंप ने की प्रशंसा, पाक पीएम ने अमेरिकी राष्ट्रपति का जताया आभार
नई दिल्ली। सऊदी अरब, तुर्की और पाकिस्तान इन तीनों ने मिलकर बीती 7 अगस्त को एक त्रिपक्षीय रक्षा समझौता किया है जिसे मक्का जॉइंट डिफेंस एग्रीमेंट (एमजेडीए) का नाम दिया गया है। इस रक्षा करार के तहत अगर सऊदी अरब, तुर्की और पाकिस्तान में से किसी भी एक देश पर हमला हुआ तो वह तीनों देशों पर हमला माना जाएगा और तीनों देशों की सेनाएं मिलकर जवाब देंगी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सऊदी अरब, तुर्की और पाकिस्तान के बीच हुए इस रक्षा समझौते से काफी खुश हैं और उन्होंने इसे एक अहम साहसिक कदम करार दिया है। वहीं पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अमेरिकी राष्ट्रपति के समर्थन के लिए उनका आभार जताया है।
डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर लिखा, यह देखकर बहुत खुशी हुई कि सऊदी अरब, तुर्की और पाकिस्तान ने आखिरकार मक्का जॉइंट डिफेंस एग्रीमेंट पर साइन कर लिया है। इससे पता चलता है कि मिडिल ईस्ट के देश एक साथ आ रहे हैं और अब वो आखिरकार ज्यादा असरदार तरीके से अपनी सुरक्षा कर पाएंगे। इन तीनों देशों के शानदार नेतृत्व को बधाई। यह एक बड़ा, साहसिक और अहम कदम है। वहीं पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ट्रंप की इस पोस्ट पर रिप्लाई करते हुए लिखा, मक्का जॉइंट डिफेंस एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर करने के मौके पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थन भरे शब्दों की मैं दिल से सराहना करता हूं।
शरीफ ने कहा, अपने सहयोगी देश सऊदी अरब और तुर्की के साथ मिलकर, पाकिस्तान न केवल अपनी बल्कि पूरे क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने में रचनात्मक भूमिका निभाता रहेगा। शरीफ बोले, मैं राष्ट्रपति ट्रंप की साहसी और निर्णायक लीडरशिप की भी एक बार फिर तारीफ करना चाहूंगा, जिसने दक्षिण एशिया में परमाणु तबाही को टालने और लाखों लोगों की जान बचाने में मदद की। हमारे लोगों के उज्ज्वल और समृद्ध भविष्य के लिए स्थायी शांति सबसे जरूरी शर्त है।
