March 10, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पहाड़ों में बर्फबारी से मैदानों में अब चलेगी शीतलहर, कई जगह हल्की बारिश का भी अनुमान

नई दिल्ली। इस बार ठंड थोड़ी देर से शुरू हुई है। अब मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में पहाड़ों पर बर्फबारी तेज होगी और इसके साथ ही मैदानी इलाकों में शीतलहर चलनी शुरू हो जाएगी। मौसम विभाग की भविष्वाणी है कि देश के कई हिस्से शीतलहर की चपेट में आएंगे। उत्तर भारत, सौराष्ट्र और कच्छा में काफी ठंड पड़ेगी।

उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और लद्दाख में हल्की बारिश भी हो सकती है। बारिश के कारण ठंड में और इजाफा होने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार आज से 21 दिसंबर तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, सौराष्ट्र और कच्छ में शीतलहर के हालात बन सकते हैं। 18 से 21 दिसंबर तक उत्तरी राजस्थान और 19 से 21 दिसंबर तक पश्चिम उत्तर प्रदेश में भी कड़ाके की ठंड पड़ सकती है।

भविष्यवाणी के मुताबिक अगले 4-5 दिन में उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के अलावा गुजरात के ज्यादातर हिस्सों में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेंटीग्रेड तक गिर सकता है। पूर्वी भारत और महाराष्ट्र में 2 से 3 डिग्री सेंटीग्रेड की गिरावट देखी जा सकती है। अगले 2 दिन पंजाब और हरियाणा में सुबह घने या बहुत घने कोहरे का अनुमान भी मौसम विभाग ने जताया है। उत्तर-पश्चिमी राजस्थान, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी घने कोहरे के हालात बनेंगे। उधर, देश की राजधानी दिल्ली के बारे में कहा जा रहा है कि यहां बारिश की संभावना है। इसके बाद दिल्ली में ठंड और बढ़ने के आसार हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले वक्त में पश्चिमी विक्षोभों की वजह से गंगा के मैदानी इलाकों में बादल, कोहरा और बारिश के आसार हैं। पश्चिमी बंगाल और त्रिपुरा में भी ठंड पड़ने लगी है। मुंबई समेत महाराष्ट्र और कोंकण के इलाकों में भी सुबह कोहरा देखा जा रहा है। कोहरा हालांकि यहां कुछ दिन बाद छंट जाएगा, लेकिन उत्तर भारत में जैसे-जैसे ठंड में इजाफा होगा, महाराष्ट्र में भी इसका असर देखे जाने की पूरी उम्मीद है। देश के दक्षिणी हिस्सों में मौसम अच्छा रहेगा और यहां ठंड और कोहरा कम ही होने के आसार बताए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *