May 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

तोगड़िया का दावा- 50 साल में कम हो जाएंगे हिंदू, न बन पाएगा कोई PM और राष्ट्रपति

देहरादून। हिंदुओं की आबादी तेजी से कम हो रही है। राम मंदिर तो बन गया, लेकिन मुसलमानों और ईसाइयों की आबादी बढ़ रही है। केंद्र सरकार सभी पर दो बच्चे का कानून लागू करे। अगर ऐसा ही चलता रहा, तो 50 साल में हिंदू कम हो जाएगा और फिर कोई पीएम या राष्ट्रपति हिंदू नहीं होगा। ये सारे बयान आज देहरादून में अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने दिए।

बता दें कि तोगड़िया पहले विश्व हिंदू परिषद यानी वीएचपी के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष भी रह चुके हैं। बाद में उन्होंने इस संगठन से नाता तोड़ लिया था। देहरादून के धर्मपुर इलाके में बने यशोदा हॉस्पिटल पहुंचे तोगड़िया ने यहां कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए देश में हिंदुओं की तादाद कम होने पर चिंता जताई। उन्होंने ये मांग भी की कि सऊदी अरब की तरह मोदी सरकार भी तब्लीगी जमात पर बैन लगाए।

तोगड़िया ने अपने भाषण में कहा कि दुनिया में 44 इस्लामी देश हैं और वहां लोकतंत्र नहीं है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर यहां हालात न सुधरे, तो 50 साल बाद देश में हिंदू कुल 50 करोड़ रह जाएंगे। जबकि, 60 करोड़ मुसलमान और 20 करोड़ ईसाई हो जाएंगे। तब भारत में कोई हिंदू पीएम या राष्ट्रपति नहीं बन सकेगा। तोगड़िया ने कहा कि देश फिर गुलामी की ओर बढ़ने लगा है। उन्होंने एलान किया कि भूखे लोगों को भोजन देने के लिए अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद एक मुट्ठी अनाज योजना शुरू कर रहा है।

तोगड़िया ने मीडिया से भी बात की। उन्होंने कहा कि 2000 साल पहले दुनिया में ईसाई नहीं थे। अब तमाम ईसाई देश हैं। उन्होंने कहा कि बीते इतने ही साल में भारत पर आक्रमण का सिलसिला चलाकर उसे गुलाम बना दिया गया। तोगड़िया ने दावा किया कि भारत के साथ दुनियाभर में हिंदू खत्म हो रहा है। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद ने यहां हिंदू हेल्पलाइन नंबर भी शुरु किया है। इसके जरिए भोजन, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य सुविधाएं मुफ्त दी जा रही हैं। प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि हमारी हेल्पलाइन से आज देश के आठ लाख हिंदू जुड़े हैं। राम मंदिर आंदोलन मैंने शुरू किया था। आज राम मंदिर भी बन गया। उन्होंने मांग की कि काशी-मथुरा कोरीडोर नहीं काशी विश्वनाथ मंदिर चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *