नवजोत सिद्धू की गांधी परिवार से खुली बगावत, बोले- ‘टॉप पर बैठे लोगों को चाहिए कठपुतली CM
नई दिल्ली। देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस, जो एक समय पर देश और जनता दोनों पर राज करती थी। उस वक्त ऐसा कोई नहीं था कि जो इस पार्टी का मुकाबला कर सके लेकिन साल 2014 में मोदी लहर शुरू हुई तो मानों ऐसा लगा कि कांग्रेस का अब वो जादू कहीं खो जाएगा। भारतीय जनता पार्टी के आने के बाद हुआ भी कुछ ऐसा ही। कांग्रेस धीरे-धीरे अपनी जमीन खोती गई और बीजेपी इसपर अपने झंगे गाड़ती गई। अब वक्त ऐसा आ गया है कि कांग्रेस कुछ राज्यों में अपनी बची कुची साख को ही सुरक्षित रखने के लिए मशक्कत कर रही है। पार्टी पहले ही अपनी कमजोर बुनियाद से परेशान हैं। तो वहीं दूसरी ओर पार्टी में आंतरिक कलह उसके घावों को और गहरा कर रही है।
पंजाब में भी कांग्रेस पार्टी को घमासान का सामना कररना पड़ा रहा है। यहां सीएम पद को लेकर चरणजीत सिंह चन्नी और प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू आमने-सामने हैं। सिद्धू की मंशा सीएम पद की है लेकिन पार्टी का मूड कुछ और ही लग रहा है। ऐसे में अब सिद्धू गांधी परिवार के खिलाफ खुली बगावत पर उतर आए हैं। सिद्धू ने गांधी परिवार पर हमला बोलते हुए ये तक कह दिया है कि ऊपर बैठे लोगों को कठपुतली सीएम चाहिए।
पंजाब में अपने समर्थकों के नारेबाजी के बीच सिद्धू ने गांधी परिवार पर जमकर हमला बोला। सिद्धू ने कहा, “अगर नया पंजाब बनाना है तो यह मुख्यमंत्री के हाथों में है। इस बार आपको मुख्यमंत्री चुनना है। शीर्ष पर बैठे लोग एक कमजोर मुख्यमंत्री चाहते हैं जो उनकी धुन पर नाच सके। क्या आप ऐसा सीएम चाहते हैं”।
बता दें कि चरणजीत सिंह चन्नी को सीएम बनाए जाने के बाद सिद्धू कांग्रेस आलाकमान से नाराज चल रहे हैं। कई मौकों पर उन्होंने अपने बागी तेवर भी पार्टी प्रमुखों को दिखाए हैं। उन्होंने पंजाब कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से इस्तीफे तक की पेशकश कर दी थी। हालांकि बाद में पार्टी ने उन्हें मना लिया।
कांग्रेस करा रही है CM पद के लिए सर्वे
पंजाब में मुख्यमंत्री पद को लेकर जारी बवाल को देखते हुए राहुल गांधी ने ऐलान किया था कि सीएम पद किसे मिलेगा इसका फैसला सर्वे के जरिए किया जाएगा। इस सर्वे में कांग्रेस ने प्रत्याशियों, कार्यकर्ताओं, सांसदों और विधायकों से राय जानने की कोशिश की जाएगी की सीएम पद के लिए कौन बेहतर है। सूत्रों की मानें तो नवजोत सिंह सिद्धू को इस मामले में वरीयता नहीं दी जाएगी ऐसे में चन्नी ही सीएम रहेंगे ये माना जा रहा है।
