पंजाबी सिंगर की हत्या : बीते दिन पंजाब सरकार ने सिक्योरिटी ली थी वापस
नई दिल्ली। पंजाब से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है। पंजाबी सिंगर और कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। बताया जा रहा है कि 3 हमलावरों ने सिद्धू मूसेवाला की कार पर तबाड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस फायरिंग में वो बुरी तरह से घायल हो गए। जहां अस्पताल में उन्हें डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। आपको बता दें कि एक दिन पहले ही पंजाब सरकार ने सिद्धू मूसेवाला से सिक्योरिटी वापस ली थी। सिद्धू मूसेवाला के 10 गनमैन सुरक्षाकर्मी थे जिसे भगवंत मान सरकार ने कम कर दिया था। वहींमूसेवाला की मौत से पंजाब में सनसनी फैल गई है। मूसेवाला के दो साथी घायल हैं। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है।
वहीं सिद्धू मूसेवाला की मौत पर भाजपा नेता मंजिंदर सिंह सिरसा ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को निशाने पर लिया है। सिरसा ने कहा भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल की घटिया राजनीति के चलते मूसेवाला की हत्या हो गई। एक राजनीतिक पार्टी ने पहले घटिया काम करना शुरू किया और लोगों की सुरक्षा हटाओ, फिर उनका नाम अखबारों में छपवाओ। उन्होंने भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल को मूसेवाला की मौत के ज़िम्मेदार का ठहराया। साथ ही दोनों पर दर्ज मुकदमा करने की मांग की।
बता दें कि इससे पहले सिद्धू मूसेवाला ने पंजाब चुनाव में कांग्रेस पार्टी को मिली करारी शिकस्त को लेकर अपना दर्द बयां किया था। सिद्धू मूसेवाला ने पंजाब विधानसभा चुनाव में मिली हार पर एक गाने के जरिए चुप्पी तोड़ी थी। आपको बता दें कि विवादित सिंगर मूसेवाला पर सूबे में गनकल्चर को बढ़ावा देने के साथ आर्म्स एक्ट के अलावा भी कई केस चल रहे थे। बता दें कि कांग्रेस ने मूसेवाला को मनसा विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा था। लेकिन चुनाव में उन्हें करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी।
