May 3, 2026

Hind foucs news

hindi new update

रूस पर अमेरिका के नए प्रतिबंध का भारत पर भी होगा असर, महंगाई चरम पर पहुंचने की आशंका

वॉशिंगटन। अमेरिका ने अब रूस पर नए आर्थिक प्रतिबंध लगाने का एलान किया है। इससे भारत समेत दुनियाभर में महंगाई चरम पर पहुंच सकती है। दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने रूस से गैस, कच्चे तेल और ऊर्जा की सभी चीजों पर आयात रोकने का एलान किया गया है। मंगलवार को राष्ट्र को संबोधित करते हुए बाइडेन ने कहा कि उनकी सरकार का ये कदम रूस की अर्थव्यवस्था को गहरी चोट पहुंचाएगा। अमेरिका के नए प्रतिबंध से कच्चे तेल की कीमत में और बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल प्रति बैरल 130 डॉलर की कीमत से ऊपर है।

अमेरिकी नागरिकों को संबोधित करते हुए बाइडेन ने कहा कि हम रूस के गैस, कच्चे तेल वगैरा के आयात पर रोक लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम इतिहास में आर्थिक प्रतिबंधों के सबसे बड़े और खास पैकेज को लागू कर रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि हम इस प्रतिबंध के साथ आगे बढ़ रहे हैं। हम जानते हैं कि हमारे साथी और यूरोप के कई देश इस काम में हमारे सहयोगी और भागीदार शायद न बन सकें। इससे पहले अमेरिका और यूरोपीय देशों ने रूस पर कई तरह के प्रतिबंध लगाए थे और उसे दुनिया के वित्तीय मामलों से भी अलग थलग करने के लिए स्विफ्ट सिस्टम से रूसी बैंकों को निकाल दिया था।

यूक्रेन पर रूस के हमले का आज 14वां दिन है और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलिंस्की की अपील के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ने रूस से गैस और कच्चे तेल के आयात पर रोक लगाने का फैसला किया। उधर, रूस ने कहा है कि वो यूरोप को नॉर्ड स्ट्रीम-1 पाइपलाइन के जरिए तेल और गैस की सप्लाई रोकने पर विचार कर रहा है। यूरोपीय देश रूस से तेल और गैस लेते हैं और ये यूरोप की खपत का एक-तिहाई हिस्सा है। अमेरिका ने रूस पर प्रतिबंध तो लगाया है, लेकिन वो रूस से गैस का आयात नहीं करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *