द्रौपदी मुर्मू ने दाखिल किया राष्ट्रपति पद के लिए नामांकन, पीएम मोदी बने प्रस्तावक
नई दिल्ली। देश में बीते काफी समय से राष्ट्रपति चुनाव को लेकर चर्चाएं जोरों पर है। मौजूदा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है और अगले महीने की 25 तारीख को देश को नया राष्ट्रपति मिलेगा। ऐसे में इस महीने की 15 तारीख से ही नए राष्ट्रपति के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। राष्ट्रपति चुनाव के नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 29 जून है। इस चुनाव को लेकर विपक्ष की तरफ से यशवंत सिन्हा के नाम पर बतौर राष्ट्रपति उम्मीदवार मुहर लगा दी गई है। वहीं, सत्तारूढ़ दल की तरफ से बतौर राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में दौपद्री मुर्मू को चुना गया है।
आज NDA की ओर से झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान PM मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह समेत पार्टी के कई दिग्गज नेता भी वहां मौजूद रहे। द्रौपदी मुर्मू ने 4 सेटों में अपना नामांकन दाखिल किया है। द्रौपदी मुर्मू की राष्ट्रपति उम्मीदवारी के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा, ललन सिंह, पशुपति पारस, रेणु देवी और तारकिशोर प्रसाद प्रस्तावक रहे। राष्ट्रपति पद के लिए नामांकन दाखिल करने से पहले मुर्मू ने संसद में महात्मा गांधी, डॉ अंबेडकर और बिरसा मुंडा की मूर्तियों पर श्रद्धांजलि भी अर्पित की। बता दें, नामांकन से एक पहले गुरुवार को NDA की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने PM मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री शाह और BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की थी।
द्रौपदी के समर्थन में आए जगन
गुरुवार को आंध्र प्रदेश के CM जगनमोहन रेड्डी ने ऐलान किया है कि उनकी पार्टी राष्ट्रपति चुनाव में NDA की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को अपना समर्थन देगी। समर्थन देने के पीछे CM जगन का मानना है कि मुर्मू को समर्थन देना SC, ST, BC और अल्पसंख्यक समुदायों के प्रतिनिधित्व पर हमेशा जोर देने की उनकी विचारधारा से ही जुड़ा है।
ये पार्टियां भी कर रही मुर्मू का समर्थन
- पहले ही ओडिशा की बीजू जनता दल मुर्मू के समर्थन का ऐलान कर चुकी है।
- मेघालय जनतांत्रिक गठबंधन (MDA) ने भी समर्थन का ऐलान किया है।
- RSS के एक संगठन अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम ने मुर्मू को राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार बनाए जाने के फैसले को ऐतिहासिक करार दिया है।
- सिक्किम के मुख्यमंत्री और सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा के अध्यक्ष प्रेम सिंह तमांग ने भी दिया है समर्थन।
- बिहार की हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा भी कर चुकी है समर्थन की घोषणा।
- LJP (रामविलास) ने भी कि है मुर्मू के समर्थन की घोषणा।
