कोरोना : देश में 24 घंटे में सामने आए 1,34,154 नए केस, 2,887 लोगों की मौत
नई दिल्ली। देश में कोरोनावायरस की दूसरी लहर का प्रकोप अब कम होता दिख रहा है। गुरुवार को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना 1 लाख 34 हजार 154 नए मामले सामने आए हैं, जबकि इस दौरान 2,887 लोगों की मौत हो गई है।
इन ताजा आंकड़ों के बाद अब देश में पॉजिटिव मामलों की संख्या 2,84,41,986 हुई है। वहीं कुल मौतों की संख्या 3,37,989 हो गई है। भारत में कोरोना के अभी 17,13,413 एक्टिव मरीज हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटों में कुल 2,11,499 लोगों को डिस्चार्ज किया गया है, जिसमें 2,63,90,584 लोग अब तक कोविड से ठीक हो चुके हैं।
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार, भारत में कल तक कोरोनावायरस के लिए कुल 35,37,82,648 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं, जिनमें से 21,59,873 सैंपल कल टेस्ट किए गए हैं। वहीं देश में पिछले 24 घंटे में कोरोनावायरस की 24,26,265 वैक्सीन लगाई गईं, जिसके बाद कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 22,10,43,693 हुआ।
