फिनलैंड : ड्रग्स के फेर में फंसीं दुनिया की सबसे युवा PM सना मारिन
हेलसिंकी। फिनलैंड की पीएम सना मारिन को आखिरकार अपना ड्रग्स टेस्ट कराना पड़ा है। उन्हें ड्रग टेस्ट एक वीडियो के वायरल होने के बाद कराना पड़ा। इस वीडियो में सना मारिन को दोस्तों के साथ पार्टी करते देखा गया था। आरोप लग रहा था कि पार्टी में मारिन और उनके दोस्तों ने जमकर ड्रग्स का सेवन किया। इस वीडियो में फिनलैंड का एक पॉपस्टार भी था। सना मारिन दुनिया की सबसे युवा पीएम हैं। उन्होंने महज 20 साल की उम्र में सियासत में कदम रखा था। अभी वो 36 साल की हैं। वीडियो वायरल होने के बाद वो आलोचना का शिकार हो रही थीं। तमाम नेताओं ने उनके ड्रग्स परीक्षण की मांग भी की थी।
शुक्रवार को सना मारिन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और बताया कि उन्होंने ड्रग्स के लिए टेस्ट कराया है। टेस्ट का नतीजा अगले हफ्ते आएगा। उन्होंने फिर दोहराया कि कभी ड्रग्स नहीं लिया। मारिन ने कहा कि मैंने कुछ भी अवैध नहीं किया है। मारिन ने कहा कि उन्होंने अपनी किशोरावस्था में भी कभी किसी तरह का ड्रग्स नहीं लिया। उन्होंने कहा कि सभी की चिंताओं को दूर करने के लिए उन्होंने टेस्ट कराया है और अपनी बेगुनाही का सबूत देंगी, जिसकी वो हकदार हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों ने सवाल किया कि क्या मारिन जरूरत पड़ने पर इस तरह के फैसले तुरंत लेने में सक्षम रहती हैं? इस पर सना मारिन ने कहा कि मुझे ये याद नहीं कि आधी रात को अचानक स्टेट काउंसिल पैलेस जाने की नौबत आ गई हो। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि मेरी काम करने की क्षमता काफी अच्छी थी। जिस दिन मैं पार्टी कर रही थी, उस दिन कोई जरूरी बैठक भी मुझे नहीं करनी थी।
