बिहार के पूर्व सीएम जीतन राम माझी का वैशाली गैंगरेप पर बेतुका बयान, बोले- 12 करोड़ की जनसंख्या में होती रहती हैं ऐसी घटनाएं
भगवानपुर। बिहार में महागठबंधन में शामिल हम पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व सीएम जीतन राम माझी ने वैशाली में हुए गैंगरेप पर अजब-गजब और बेतुका बयान दिया है। भगवानपुर में एक कार्यक्रम में शामिल होने आए माझी ने इस बारे में कहा कि बिहार में एक या डेढ़ करोड़ लोग नहीं रहते। यहां 12 करोड़ की आबादी है। इसी वजह से घटनाएं होती रहती हैं। वो यहीं नहीं रुके। जीतन राम ने कहा कि एक साथ हंडिया और बर्तन रहते हैं, तो टकराते भी हैं। बड़ी जनसंख्या है, तो कुछ न कुछ बात होती रहती है। इसके आगे उन्होंने मीडिया से कहा कि इस मामले में बिहार सरकार ने तुरंत एक्शन लिया। आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की। हर जगह सरकार कार्रवाई करती है।
इसके बाद जीतन राम माझी वैशाली गैंगरेप केस में सियासी खेल का भी अंदेशा जताने लगे। अपने बयान में उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं सियासी साजिश भी हो सकती हैं। सरकार को बदनाम करने के लिए भी हो सकता है। घटना करने वाले लोग भी लगे हुए हैं, लेकिन नीतीश कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई तुरंत की जाती है। बता दें कि जीतन राम माझी कई बार अपने विवादित बयानों के लिए सुर्खियों में रहते हैं। कुछ महीने पहले ही उन्होंने ब्राह्मणों के बारे में विवादित बयान दिया था। इस बयान पर जब विरोध हुआ, तो उन्होंने माफी भी मांग ली थी।
बिहार के वैशाली में गैंगरेप की घटना जंदाहा थाना क्षेत्र में हुई है। यहां 13 साल की नाबालिग से 5 लोगों ने गैंगरेप किया और इसका वीडियो बनाक वायरल कर दिया। इस मामले के मीडिया में आने के बाद सरकार ने सख्त एक्शन की बात कही। जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने की कोशिश शुरू की। बिहार में नई सरकार बनने के बाद से राजधानी पटना समेत कई जगह हत्या और लूट की घटनाएं हो चुकी हैं। इस वजह से विपक्षी बीजेपी यहां एक बार फिर जंगलराज आने का आरोप लगाती रहती है। बीते कल ही बेगूसराय में दो बदमाशों ने 9 लोगों को गोली मारी। इनमें से एक की मौत भी हो गई।
