June 18, 2026

Hind foucs news

hindi new update

जम्मू-कश्मीर में खाई में जा गिरी बस, घटना में 10 से ज्यादा लोगों की मौत, 8 से अधिक घायल

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के पुंछ के सवजियान इलाके में बड़ा हादसा हो गया है। पुंछ जिले में बरेरी नाले के पास हुए बस हादसे में अभी तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है। घटना में घायल हुए लोगों को इलाज के लिए मंडी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सेना द्वारा बचाव अभियान भी जारी है।

बताया जा रहा है कि बस सौजियां से मंडी की तरफ जा रही थी। याद हो कि इससे पहले जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में बीते 30 अगस्त को एक कार हादसा देखने को मिला था जिसमें कार सड़क से फिसल कर 300 फुट गहरी खाई में जा गिरी थी। उस दौरान घटना में एक 16 वर्षीय लड़की के साथ ही आठ लोगों की मौत हो गई थी। साथ ही तीन अन्य गंभीर रूप से घायल भी हुए थे।

घटना में जान गवाने वालों के लिए जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने राहत राशि देने का ऐलान किया है। उपराज्यपाल ने ट्विटर पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा है, ‘जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने प्रत्येक मृतक के परिवार के सदस्यों को 5-5 लाख रुपए की राहत राशि देने की घोषणा की।’ आगे अपने ट्वीट में उपराज्यपाल ने अधिकारियों को घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने का भी निर्देश दिया है।

पुंछ में हुए इस बस हादसे पर देश पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर घटना को दुखद बताते हुए लिखा, ‘पुंछ के सावजियान में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में लोगों की मौत अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं’।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *