May 30, 2026

Hind foucs news

hindi new update

देश में कोरोना की सुनामी, एक दिन में आए 3 लाख के करीब नए मामले, हुई 2 हजार से अधिक मौतें

नई दिल्ली। देश में कोरोना महामारी की वजह से तांडव मचा हुआ है। एक दिन में कोरोना के नए मामलों में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। बुधवार को स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक देशभर में पिछले 24 घंटे में तीन लाख के करीब नए मामले सामने आए हैं। वहीं एक दिन में कोरोना वायरस की चपेट में आने से 2 हजार से भी अधिक लोगों की मौत हुई है।

आंकड़ों पर गौर करें तो भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 2 लाख 95 हजार 041 नए मामले सामने आए हैं। वहीं एक दिन में मरने वालों की संख्या 2,023 दर्ज की गई। इन ताजा आंकड़ों के बाद अब देश में पॉजिटिव मामलों की संख्या 1,56,16,130 हुई है। वहीं कुल मौतों की संख्या 1,82,553 हो गई है। बता दें कि देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 21,57,538 है और डिस्चार्ज हुए मामलों की कुल संख्या 1,32,76,039 है।

कोरोना के इस बढ़ती रफ्तार के बीच कई राज्यों में लॉकडाउन का ऐलान किया गया है। दिल्ली में 26 अप्रैल की सुबह तक लॉकडाउन घोषित किया गया है। वहीं महाराष्ट्र सरकार भी कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए और सख्ती लगाने के मूड में नजर आ रही है। माना जा रहा है कि बुधवार को रात 8.30 बजे मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे नए दिशा-निर्देश जारी कर सकते हैं। मुमकिन है कि महाराष्ट्र में अभी जो छूट मिली है, उसे और कम किया जा सकता है।

वहीं मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को संबोधित करते हुए लॉकडाउन लगाने को लेकर राज्यों से कहा कि, आज की स्थिति में हमें देश को लॉकडाउन से बचाना है। मैं राज्यों से भी अनुरोध करूंगा कि वो लॉकडाउन को अंतिम विकल्प के रूप में ही इस्तेमाल करें। लॉकडाउन से बचने की भरपूर कोशिश करनी है। माइक्रो कन्टेनमेंट जोन पर ही ध्यान केंद्रित करना है।

वहीं उन्होंने राज्यों से आग्रह करते हुए कहा कि, मेरा राज्य प्रशासन से आग्रह है कि वो श्रमिकों का भरोसा जगाए रखें, उनसे आग्रह करें कि वो जहां हैं, वहीं रहें। राज्यों द्वारा दिया गया ये भरोसा उनकी बहुत मदद करेगा कि वो जिस शहर में हैं वहीं पर अगले कुछ दिनों में वैक्सीन भी लगेगी और उनका काम भी बंद नहीं होगा।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed