‘बीजेपी से नीतीश ने बना रखा है संपर्क, फिर साथ जा सकते हैं’, प्रशांत किशोर का सनसनीखेज दावा
पटना। चुनावी रणनीतिकार रहे प्रशांत किशोर ने अब एक सनसनीखेज दावा किया है। प्रशांत किशोर ने कहा कि नीतीश कुमार अब भी बीजेपी के संपर्क में हैं और फिर उससे गठजोड़ कर सकते हैं। नीतीश की पार्टी जेडीयू ने प्रशांत के इस दावे का खंडन किया है। पहले आपको बताते हैं कि प्रशांत किशोर ने क्या कहा। प्रशांत किशोर ने कहा कि अगर हालात की मांग हुई, तो नीतीश एक बार फिर बीजेपी के साथ जा सकते हैं। प्रशांत ने कहा कि बीजेपी से नीतीश का ये रिश्ता राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश के जरिए बना हुआ है। इस संपर्क को बनाए रखने के लिए ही नीतीश ने बीजेपी का साथ छोड़ने के बावजूद हरिवंश को राज्यसभा उप सभापति पद से हटने के लिए नहीं कहा।
प्रशांत किशोर के इस दावे पर जेडीयू के प्रवक्ता केसी त्यागी ने खंडन करते हुए पलटवार किया है। मीडिया से बात करते हुए त्यागी ने कहा कि नीतीश कुमार सार्वजनिक मंच से बीते दिनों एलान कर चुके हैं कि वो अब कभी बीजेपी के साथ नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर 6 महीने से सियासत में उतरे हैं। वहीं, नीतीश कुमार को राजनीति करते हुए 50 साल हो गए हैं। केसी त्यागी के मुताबिक प्रशांत किशोर ने भ्रम फैलाने के लिए ये शिगूफा छोड़ा है कि नीतीश एक बार फिर बीजेपी के साथ जा सकते हैं।
बता दें कि प्रशांत किशोर भी राहुल गांधी की तरह यात्रा पर चल रहे हैं। उन्होंने अपनी यात्रा को ‘जन सुराज यात्रा’ का नाम दिया है। प्रशांत का कहना है कि वो बिहार की हालत बदलने की कोशिश कर रहे हैं। प्रशांत ने इससे पहले दो बार ये दावा भी किया था कि नीतीश कुमार ने उन्हें मिलने के लिए बुलाया था। प्रशांत ने कहा था कि जब वो नीतीश से उनके आवास जाकर मिले, तो नीतीश ने उनको अपने साथ आने के लिए कहा। प्रशांत ने ये दावा भी किया कि नीतीश ने कहा कि मेरे बाद जेडीयू को आपको ही संभालना है। उन्होंने इससे इनकार कर दिया। प्रशांत पहले भी नीतीश के साथ रह चुके हैं। तब नीतीश ने उनको जेडीयू का उपाध्यक्ष बनाया था।
