June 9, 2026

Hind foucs news

hindi new update

ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्‍टर रौशन आनंद को झटका, अदालत ने खारिज की जमानत याचिका

नई दिल्ली। पटना की ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद को अभी जेल में ही रहना होगा। पटना सिविल कोर्ट ने उनकी नियमित जमानत याचिका को खारिज कर दिया है। खान सर की कोचिंग खान ग्‍लोबल स्‍टडीज पर हुए हमले के मामले में रौशन आनंद और उनके दो सहयोगियों अभिषेक और गौरव को तीन जून को गिरफ्तार किया गया था। तब से ये तीनों न्यायिक हिरासत में हैं। इससे पहले अदालत ने आज सुबह ही खान सर को बड़ी राहत देते हुए उनकी गिरफ्तारी पर 20 जून तक के लिए रोक लगा दी है।

रौशन आनंद ने अपनी गिरफ्तारी के समय कहा था, उनके खिलाफ साजिश की जा रही है। उन्होंने यह भी दावा किया था कि एक भी गोली नहीं चली है फिर भी फायरिंग होने की बात कही जा रही है। दरअसल 2 जून की रात कुछ लोगों ने खान ग्‍लोबल स्‍टडीज के बाहर लगे इंस्टीट्यूट के बैनर और पोस्टर फाड़ दिए थे और कोचिंग पर पथराव भी किया था। खान ग्‍लोबल स्‍टडीज के ओनर खान सर ने आरोप लगाया था कि हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग भी की। हालांकि बाद में इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ जिसने इस पूरे केस को नई दिशा में मोड़ दिया। वीडियो में खान सर के दो गार्ड फायरिंग करते दिखे। इसके बाद पुलिस ने उन दोनों गार्डों को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि खान सर के कहने पर गोली चलाई थी। इसके बाद पुलिस ने एफआईआर में खान सर का नाम भी जोड़ दिया।

इसी मामले में गिरफ्तारी से बचने के लिए खान सर ने अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी जो मंजूर हो गई है। असल में यह पूरा विवाद बिहार पुलिस भर्ती का रिजल्ट आने के बाद शुरू हुआ। खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर दोनों ने ही अपने-अपने संस्थानों से सबसे ज्यादा छात्रों के सेलेक्ट होने का दावा किया। इतना ही नहीं सफल अभ्यर्थियों के लिए सम्मान समारोह भी रखा गया। इसके लिए बैनर और पोस्टर लगवाए गए। बताया जाा रहा है कि ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर के बोर्ड के ऊपर खान ग्लोबल स्टडीज के पोस्टर को लगा दिया गया, बस यहीं से विवाद भड़का। पुलिस फिलहाल इस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *