Avatar: The Way Of Water Review: अवतार 2 रिव्यू, अवतार 2 के दृश्यों को देखकर आप सीट से उठना भूल जाएंगे
नई दिल्ली। अवतार: द वे ऑफ़ वॉटर या कह लें अवतार 2 सिनेमाघर में रिलीज़ हो गई हैं और यहां हम इसी फिल्म का रिव्यू करने वाले हैं। अवतार : द वे ऑफ़ वॉटर का निर्देशन जेम्स कैमेरॉन ने किया है। जेम्स कैमेरॉन का विश्वभर के सिनेमा जगत में बोलबाला है। ये वो डायरेक्टर हैं जिनकी फिल्म देखने के लिए दर्शक सिनेमाघर के बाहर सुबह 5 बजे से लाइन लगा देते हैं। कुछ जगह तो जेम्स कैमेरॉन की फिल्म को देखने के लिए सुबह 3 बजे के भी शो लगे होते हैं और लोगों की भीड़ फिल्म को देखने के लिए बेताब रहती है। आज के समय में जब फिल्म बॉक्स ऑफिस पर जी जान लगाकर भी कमाई नहीं कर पाती है वहीं हॉलीवुड की इस फिल्म का दर्शक खुले हाथों से स्वागत करते हैं। अवतार: द वे ऑफ़ वॉटर, अवतार का दूसरा भाग है। अवतार 2 को जोश फ्रीडमन, शेन सलेर्नो, रिक जफ्फा, अमांडा सिल्वर और जेम्स कैमेरॉन ने साथ मिलकर लिखा है। फिल्म की सिनेमैटोग्राफी रसेल कारपेंटर और फिल्म की एडिटिंग स्टेफेन ए. रिव्किन, डेविड ब्रेंनेर और जॉन रफौआ ने किया है। weta एफ़एक्स कम्पनी ने फिल्म के विसुअल इफ़ेक्ट का काम संभाला है। जानकारी खत्म हुई फिल्म का रिव्यू शुरू करते हैं।
फिल्म की कहानी
जिन्होंने अवतार का पहला पार्ट देखा होगा उनके लिए फिल्म की कहानी समझना आसान होगा। क्योंकि अवतार 2 वहीं से शुरू होती है जहां पर पहली वाली खत्म हुई थी। हमने देखा था कैसे जैक सुली नावी का हिस्सा बन गए थे और नयित्री ने कर्नल माइल्स को मार दिया है। लेकिन अवतार 2 कर्नल माइल्स मारा नहीं गया है बल्कि अभी भी जिन्दा है और वो जैक सुली को खत्म करना चाहता है। जैक सुली उन्हीं खूबसूरत जंगल में अपने परिवार के साथ रहता है। जहां वो नावियों का सरदार है और उनका प्रतिनिधत्व करता है। क्योंकि अब पृथ्वी खत्म हो रही है ऐसे में पृथ्वी के लोग चाहते हैं कि वो पैंडोरा पर कब्ज़ा कर लें। लेकिन नावी उनकी सबसे बड़ी मुसीबत हैं। वहीं नावियों का सरदार जैक सुली है जो ऐसा होने देना नहीं चाहता है और कर्नल माइल्स, जैक सुली को मार डालना चाहता है। कर्नल माइल्स, जैक को मारने की तैयारी करके जंगल आता है जहां कर्नल का सामना जैक के बच्चों नेतेयम और लोक,जैक की बेटी टुक और किरी और उनके साथ रहने वाला लड़का स्पाइडर से होता है। काफी लड़ाई के बाद कर्नल माइल्स स्पाइडर को उठाकर अपने साथ ले जाने में सफल हो जाता है।
ऐसे में, सभी नावियों की जान खतरे में न पड़े इसलिए जैक, पैंडोरा से अपना परिवार लेकर ताऊनुई गांव चला जाता है। ये भी नावियों का ही एक गांव है जो कि समुद्र तट के पास रहते हैं और वहीं जीवन व्यतीत करते हैं। जैक उनसे वहां पनाह मांगता है लेकिन वो जैक को ये कहकर टालने की कोशिश करते हैं कि जंगल का जीवन और पानी का जीवन और रहन-सहन दोनों अलग है। लेकिन जैक उन्हें राजी कर लेता है। जैक और उसका परिवार, समुद्र में रहने वाले नावियों के साथ रहन-सहन का सामंजस्य स्थापित करने में लग जाते हैं।
लेकिन एक बड़ा हमला जैक का इंतज़ार कर रहा होता है। जैसे ही कर्नल माइल्स को जैक के बारे में पता चलता है वो तुरंत और भी बड़ी सेना के साथ जैक पर आक्रमण करने की योजना बना लेता है। जैक के परिवार के साथ, समुद्र तट पर रहने वाले सभी नावियों की जान भी खतरे में पड़ जाती है। नावी और कर्नल माइल्स के बीच एक भयंकर जंग होती है जिसमें जैक के परिवार से लेकर सभी नावियों की जान खतरे में होती है। अब क्या जैक खुद को और अपने परिवार को बचा पाएगा ? क्या कर्नल माइल्स सभी नावियों को खत्म कर देगा। क्या पृथ्वी वाले पैंडोरा और ताऊनुई जैसे गांव से नावियों को खत्म कर देंगे ? इन सभी सवालों के जवाब के लिए आपको देखना होगा अवतार: द वे ऑफ़ वॉटर।
