RJD Vs Nitish: नीतीश पर सीएम पद छोड़ने का और बढ़ा दबाव, महागठबंधन में शामिल आरजेडी के अध्यक्ष जगदानंद ने अब दी ये नसीहत
पटना। बिहार के सीएम पद से नीतीश कुमार के इस्तीफे की मांग सत्तारूढ़ महागठबंधन में जोर पकड़ रही है। नीतीश को अब सहयोगी दल आरजेडी के अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने पद छोड़ने की नसीहत दी है। जगदानंद सिंह ने मंगलवार को कहा कि नीतीश को बड़े पद के लिए छोटा पद छोड़ देना चाहिए। जगदानंद ने नीतीश को पूर्व पीएम विश्वनाथ प्रताप सिंह का नाम लेकर उदाहरण भी दिया। बता दें कि विश्वनाथ प्रताप सिंह रक्षा मंत्री थे। जब पीएम राजीव गांधी की सरकार पर बोफोर्स घोटाले का आरोप लगा, तो विश्वनाथ प्रताप सिंह ने इसी मुद्दे पर रक्षा मंत्री का पद और कांग्रेस छोड़ दी थी।
विश्वनाथ प्रताप सिंह ने इसके बाद छोटे-छोटे दलों को साथ लेकर कांग्रेस के खिलाफ लोकसभा चुनाव लड़ा था। जिसमें उनका गठबंधन जीता था। इस जीत के बाद विश्वनाथ प्रताप सिंह बीजेपी और वामदलों के सहयोग से पीएम बने थे। जगदानंद सिंह ने इसी का हवाला देते हुए नीतीश कुमार को अब नसीहत दे दी है। जगदानंद ने कहा कि नीतीश को ध्यान रखना चाहिए कि रक्षा मंत्री का पद छोड़कर विश्वनाथ प्रताप सिंह ने किस तरह देश में घूम-घूमकर विपक्ष को लामबंद किया था। जिसके बाद वो 1989 में पीएम बन गए थे।
बता दें कि बीते दिनों कुढ़नी विधानसभा उपचुनाव में नीतीश कुमार की जेडीयू के उम्मीदवार मनोज कुमार सिंह की बीजेपी के सामने पराजय हुई थी। तब इस सीट से आरजेडी के विधायक रहे अनिल कुमार सहनी ने भी नीतीश से इस्तीफे की मांग कर दी थी। इससे पहले से ही नीतीश के खिलाफ आरजेडी के नेता लगातार बयानबाजी करते रहे हैं। नीतीश ने ये एलान किया था कि 2025 में महागठबंधन की कमान डिप्टी सीएम और आरजेडी के नेता तेजस्वी यादव संभालेंगे। अब सारण जिले में हुई जहरीली शराब कांड के बाद जगदानंद सिंह का बयान नीतीश के लिए बड़ी मुश्किल का सबब बन सकता है।
