May 3, 2026

Hind foucs news

hindi new update

8 महीने बाद रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी, घरेलू सिलेंडर 50 और कॉमर्शियल 350 रुपए महंगा हुआ

नई दिल्ली। घरेलू और कॉमर्शियल एलपीजी के सिलेंडर की कीमत में बड़ा इजाफा हुआ है। आज से घरेलू रसोई गैस का सिलेंडर 50 रुपए और कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत 350 रुपए बढ़ गई है। पिछले साल जुलाई से ही घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई थी। 14.2 किलो वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत आपको बताते हैं। दिल्ली में ये सिलेंडर अब 1053 की जगह 1103 रुपए में मिलेगा। वहीं, कोलकाता में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 1129 रुपए होगी। पहले ये कीमत 1079 रुपए थी। मुंबई में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत अब 1102.50 रुपए होगा। कल तक ये मुंबई में 1052.50 रुपए का था। वहीं, चेन्नई में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर अब 1068.50 की जगह अब 1118.50 रुपए में मिलेगा।

कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की बात करें, तो अब ये दिल्ली में 2119.50 रुपए में मिलेगा। बीते कल तक इसकी कीमत 1769 रुपए थी। कोलकाता में कॉमर्शियल गैस का सिलेंडर अब 2221.50 रुपए का हो गया है। पहले इसकी कीमत 1870 रुपए थी। मुंबई में कॉमर्शियल सिलेंडर 1721 रुपए की जगह अब 2071.50 रुपए का हो गया है। वहीं, चेन्नई में इसकी कीमत 2268 रुपए की हो गई है। कुल मिलाकर होली के त्योहार से पहले रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में इजाफा हुआ है। इससे आपके बजट पर असर भी पड़ने वाला है।

सूत्रों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में एलपीजी की कीमत बढ़ने की वजह से पेट्रोलियम कंपनियों ने कीमतों में इजाफा किया है। पिछले साल अगस्त के बाद से कीमतों में बढ़ोतरी नहीं होने की वजह अंतरराष्ट्रीय कीमतों में बहुत अंतर न आना था। बताया जा रहा है कि कीमत बढ़ने से पेट्रोलियम कंपनियों को प्रति सिलेंडर काफी नुकसान भी उठाना पड़ रहा था। जिसकी वजह से आखिरकार इनकी कीमत में बढ़ोतरी करने का फैसला किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *