लंदन में गिरफ्तार हुआ खालिस्तानी अवतार सिंह खंडा, भारत के उच्चायोग में किया था उत्पात और झंडे का अपमान
लंदन। ब्रिटेन की राजधानी लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग पर हमला करने वाली भीड़ का नेतृत्व कर रहे और भारत का झंडा उखाड़ने वाले अवतार सिंह खंडा को वहां की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। खंडा को पहले लंदन पुलिस ने हिरासत में लिया था। अवतार सिंह खंडा का संबंध खालिस्तानी आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल से है। खंडा ने पिछले दिनों भीड़ के साथ भारतीय उच्चायोग पहुंचकर तोड़फोड़ की थी और भारत के राष्ट्रीय ध्वज का अपमान किया था। खंडा उच्चायोग के पहले फ्लोर तक पहुंचा था और फिर वहां झंडा उखाड़कर खालिस्तान का झंडा फहराने की कोशिश की थी। भारतीय उच्चायोग के स्टाफ की वजह से ऐसा करने में वो नाकाम रहा था।
खंडा के बारे में ये जानकारी भी मिली है कि वो वारिस पंजाब दे संगठन के मुखिया और फिलहाल फरार चल रहे अमृतपाल सिंह का हैंडलर भी है। अवतार सिंह खंडा ब्रिटेन में भारत विरोधी गतिविधि के लिए फंड उगाहने का काम भी करता रहा है। ऐसा पहली बार हुआ है, जब ब्रिटिश पुलिस ने किसी खालिस्तानी को गिरफ्तार किया है। इससे पहले जब भी भारतीय उच्चायोग पर खालिस्तान समर्थकों ने उत्पात मचाया, तब किसी की भी गिरफ्तारी नहीं की गई थी। भारतीय उच्चायोग ने अब अपने भवन में और बड़ा तिरंगा लगाया है और इससे खालिस्तानियों को तगड़ा जवाब दिया है।
भारत सरकार ने ब्रिटेन की पुलिस की तरफ से उच्चायोग पर हमले के बाद कदम न उठाने के विरोध स्वरूप दिल्ली में ब्रिटिश उच्चायुक्त के घर और उच्चायोग भवन से बुधवार को सुरक्षा हटा ली थी। भारत सरकार के इस सख्त रुख को समझते हुए ब्रिटिश सरकार ने लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग के बाहर अब तीन स्तर की सुरक्षा कर दी है। बैरिकेड लगाए गए हैं। बुधवार को इन बैरिकेड के पीछे खड़े होकर खालिस्तान समर्थकों ने काफी हल्ला-गुल्ला किया। उन्होंने वहां सुरक्षा के लिए मौजूद पुलिस पर स्याही भी फेंकी।
