May 1, 2026

Hind foucs news

hindi new update

रामनवमी के दिन 3 राज्यों में भड़क उठी हिंसा, आगजनी, पथराव के बीच पुलिस की कार्रवाई में 130 से ज्यादा लोग गिरफ्तार

भारत में हम हर वर्ष यह सुनते आए हैं कि आज पूरे देश में रामनवमी का त्यौहार बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, लेकिन इस वर्ष रामनवमी में हर्षोल्लास से ज्यादा उन्माद, तनाव और पत्थरबाजी देखने को मिली। गुरुवार को रामनवमी के दिन देश के कई इलाकों में ऐसी सांप्रदायिकता की आग भड़क गई , जिसमें कई लोग घायल हो गए और सामाजिक सौहार्द बिगड़ गया। रामनवमी की झांकी में कई जगहों पर हिंसा की घटना देखने को मिली। रामनवमी के मौके पर गुजरात, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल में भारी बवाल काटा गया। कई जगहों पर हिंसा और आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं। हालांकि प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई कर हिंसा को दबा दिया, साथ ही हिंसा वाले इलाकों में भारी मात्रा में सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए। बता दें कि इस मामले में पुलिस द्वारा 70 लोगों की गिरफ्तारी की गई है।

दूसरी तरफ आपको बता दें कि मुंबई में गुरुवार की रात रामनवमी शोभायात्रा के दौरान दो गुट आपस में भिड़ गए। उपनगर मलाड (पश्चिम) के मालवणी में शोभायात्रा के दौरान दो गुट आमने-सामने हो गये थे। इस दौरान कुछ लोगों ने तेज आवाज में संगीत बजाने पर आपत्ति जताई। वहीं, शोभायात्रा में शामिल कुछ लोगों ने पथराव का आरोप लगाया, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि पुलिस ने पथराव की घटना की पुष्टि नहीं की है। इस दौरान लगभग 500 लोगों की भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया और पेट्रोल से भरी बोतलें फेंकी। घटना के बाद सीएम एकनाथ शिंदे ने लोगों से शांति बनाए रखने का अनुरोध किया है।

गौरतलब है कि ममता बनर्जी के बंगाल में भी रामनवमी के मौके पर हावड़ा में हिंसा हुई। गुरुवार को रामनवमी की शोभायात्रा निकाले जाने के दौरान दो समूह आपस में उलझ गये। जिसमें कई वाहनों को आग लगा दी गयी और दुकानों में तोड़फोड़ की गयी। वहीं, पुलिस ने घटना के बाद कई लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग किया। अधिकारियों ने कहा कि इलाके में स्थिति नियंत्रण में है। हालात के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। वहीं, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और कानून अपनी तरीके से कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है।

इसके अलावा गुजरात के वडोदरा में भी रामनवमी के मौके पर निकाले जा रहे जुलूस पर पथराव किया गया। जिसके बाद राज्य में साम्प्रदायिक सौहार्द बिगड़ गया। पथराव में कुछ लोग घायल भी हुए हैं। पहली घटना फतेहपुरा क्षेत्र के पंजरीगर मोहल्ले के पास दोपहर में हुई, जबकि दूसरी घटना शाम को नजदीकी कुंभरवाड़ा में हुई। पुलिस के मुताबिक, फतेहपुरा क्षेत्र में हुई घटना में कोई घायल नहीं हुआ, जबकि कुंभरवाड़ा में रामनवमी के जुलूस पर हुए पथराव में कई लोगों के बुरी तरह जख्मी होने की खबरें सामने आ रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *