May 1, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बिहार के सासाराम में सांप्रदायिक हिंसा का अमित शाह के दौरे पर पड़ा असर, रद्द किया कार्यक्रम

सासाराम। बिहार के सासाराम में स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। सासाराम में शुक्रवार को सांप्रदायिक हिंसा हुई थी। जिसके बाद यहां धारा 144 लगाई गई थी। बिहार के नालंदा में भी सांप्रदायिक हिंसा हुई और कई लोगों को गोली मारी गई थी। सासाराम और नालंदा में बड़ी तादाद में पुलिसबल तैनात किया गया है। फिलहाल खबर ये है कि हिंसा की वजह से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का सासाराम दौरा रद्द हो गया है। बिहार बीजेपी ने पहले आरोप लगाया था कि अमित शाह का दौरा रद्द कराने के लिए ही सासाराम में शुक्रवार को जमकर हिंसा कराई गई।

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने बताया कि अमित शाह अब नवादा में जनसभा को संबोधित करेंगे, लेकिन सासाराम नहीं जाएंगे। रविवार को अमित शाह को सासाराम में सम्राट अशोक की जयंती पर होने वाले कार्यक्रम में शामिल होना था। वो दो दिन के बिहार दौर पर जाने वाले थे। अमित शाह ने बीते कुछ समय में बिहार के कई दौरे किए हैं। पिछले साल वो सीमांचल क्षेत्र के दौरे पर गए थे। इस क्षेत्र में मुस्लिमों की खासी आबादी है। पिछले साल ही अक्टूबर में अमित शाह समाजवादी नेता जयप्रकाश नारायण की जन्मस्थली सिताब दियारा भी पहुंचे थे। वाल्मीकिनगर और पटना भी वो इस साल 25 फरवरी को गए थे।

सासाराम और नालंदा में हुई हिंसा की घटनाओं के बाद अब बिहार की सियासत और गरमाने के आसार हैं। जबसे नीतीश कुमार ने एक बार फिर आरजेडी और कांग्रेस के साथ महागठबंधन में शामिल होने का फैसला किया और बिहार में अपराध की घटनाएं बढ़ीं, तभी से बीजेपी लगातार नीतीश पर हमलावर है। हालांकि, बीते दिनों ऐसी चर्चाओं ने जोर पकड़ा था कि नीतीश एक बार फिर बीजेपी के साथ आ सकते हैं, लेकिन सासाराम और नालंदा में हुए सांप्रदायिक उपद्रव के बाद फिलहाल इन चर्चाओं पर विराम लग गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *