May 2, 2026

Hind foucs news

hindi new update

कर्नाटक सरकार को भ्रष्ट बताकर नई मुश्किल में राहुल गांधी, बीजेपी सांसद करेंगे मानहानि का केस

बेंगलुरु। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मुश्किलें खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। मोदी सरनेम वालों की मानहानि में उनको 2 साल की सजा हो चुकी है। वीर सावरकर की मानहानि के मामले में केस चल रहा है। अब कर्नाटक में भी बीजेपी के नेता राहुल गांधी पर मानहानि का केस करने की तैयारी कर रहे हैं। ये बात बीजेपी के सांसद लहर सिंह सरोया ने एबीपी न्यूज से कही है। लहर सिंह सरोया ने कहा कि राहुल गांधी ने कर्नाटक सरकार में करप्शन का रेट कार्ड जारी किया था। सरोया ने कहा कि अब वो राहुल गांधी पर मानहानि का केस करने वाले हैं। बीजेपी सांसद ने कहा कि राहुल ने हमारे रेट बताए हैं। मैंने जीवन में कभी बेईमानी से एक चाय तक नहीं पी।

बीजेपी के सांसद सरोया ने कहा कि मैं अपने वकीलों से इस बारे में बातचीत कर रहा हूं। लहर सिंह सरोया ने कहा कि राहुल गांधी ने जिस तरह भ्रष्टाचार के आरोप लगाए, उससे वो काफी दुखी हैं। उन्होंने इसे कांग्रेस का शर्मनाक रवैया बताया। सरोया ने कहा कि ये सरकार ही नहीं, उनकी भी बदनामी है। बता दें कि राहुल गांधी और कांग्रेस के नेता लगातार आरोप लगाते रहे हैं कि कर्नाटक में बीजेपी की सरकार 40 फीसदी घूस लेकर काम करती है। कांग्रेस के नेताओं ने सीएम बसवराज बोम्मई पर पेसीएम होने का आरोप भी लगाया था।

अब राहुल गांधी के खिलाफ अगर लहर सिंह सरोया मानहानि का केस करते हैं, तो इससे राहुल गांधी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। कोर्ट में उनको साबित करना होगा कि आखिर किस आधार पर उन्होंने कर्नाटक की बीजेपी सरकार को घूसखोर बताया था। अगर वो ऐसा साबित नहीं कर पाते हैं, तो कोर्ट से उनको सजा भी हो सकती है। बता दें कि मानहानि के मामले में अधिकतम सजा 2 साल की है। इतनी ही सजा सूरत के कोर्ट से मिलने की वजह से राहुल गांधी को संसद सदस्यता के अयोग्य ठहराया गया था। इससे उनका दिल्ली का सरकारी बंगला भी छिन गया। कांग्रेस के नेता और राहुल की बहन प्रियंका ने इस पर कहा था कि अडानी मामले में पीएम मोदी को घेरने की वजह से राहुल पर ये कार्रवाई हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *