May 1, 2026

Hind foucs news

hindi new update

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने जिन्ना को बताया साहब, भड़की बीजेपी ने कांग्रेस को कहा स्लीपर सेल

भोपाल। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह एक बार फिर विवाद में घिर गए हैं। काफी साल पहले दिग्विजय सिंह ने आतंकी सरगना ओसामा बिन लादेन को साहब कह दिया था। अब उन्होंने बीजेपी पर तंज कसते हुए पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना को साहब कह दिया। दिग्विजय सिंह के जिन्ना को साहब कहे जाने पर बीजेपी ने उनको निशाने पर लेते हुए कांग्रेस को घेर लिया है। पहले आपको बताते हैं कि दिग्विजय सिंह ने क्या कहा था। दरअसल, राहुल गांधी ने अमेरिका में इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग को धर्मनिरपेक्ष कहा था। बीजेपी ने इस पर सवाल उठाए थे। इस बारे में छतरपुर के बिजावर दौरे पर पहुंचे दिग्विजय सिंह से मीडिया ने प्रतिक्रिया चाही थी।

दिग्विजय सिंह ने इस सवाल पर कहा  कि इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग अलग है और जिन्ना साहब की मुस्लिम लीग अलग है। उन्होंने तंज कसते हुए ये भी कहा था कि जिन्ना को साहब इसलिए कह रहे हैं, क्योंकि वो राष्ट्रपति रहे हैं और उनका सम्मान लालकृष्ण आडवाणी ने भी किया था। इसके अलावा बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री रहे स्वर्गीय जसवंत सिंह ने भी जिन्ना को सेकुलर नेता बताया था। दिग्विजय सिंह के इस बयान पर बीजेपी भड़की है। मध्यप्रदेश बीजेपी के प्रवक्ता गोविंद मालू ने दिग्विजय का वीडियो ट्वीट कर कांग्रेस को स्लीपर सेल बताया है।

गोविंद मालू ने ट्वीट में लिखा है कि ओसामा जी के बाद जाकिर शांति दूत, अब जिन्ना साहब। वाह! धिक्कार राजा! वायनाड की मुस्लिम लीग हो या जिन्ना की, कांग्रेस उसकी स्लीपर सेल ही तो है। मालू ने आगे लिखा है कि अल्लामा इकबाल की आरती उतारने, टीपू को महान सुलतान, जिन्ना को आदर देने वाले, भारत तेरे टुकड़े होंगे के नारे लगाने वाले कौन हैं! फिर लिखा है कांग्रेसी। बीजेपी की तरफ से निशाना साधने के बाद दिग्विजय सिंह या मध्यप्रदेश कांग्रेस की तरफ से अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *