मीका का 46वां जन्मदिन आज, जब राखी को किस करना पड़ा था सिंगर को महंगा
नई दिल्ली। अपने गानों से सावन में आग लगाने वाले मीका सिंह को कौन नहीं जानता है। मीका सिंह एक शानदार भारतीय गायक, संगीतकार, संगीत निर्देशक और संगीत निर्माता हैं। इन्होंने अपने आवाज पर कई बड़े-बड़े अभिनेताओं को नचाया है। इनके गाए हुए गाने पार्टियों में काफी सुने जाते है। मीका सिंह ने “बस एक राजा”, “मौजा ही मौजा”, “इब्न-ए-बतूता”, और “धन्नो” जैसे सुपरहिट गाने गाए हैं। सिंगर मीका ने कई एकल एल्बम जारी किए हैं और कई रियलिटी शो में भी दिखाई दिए हैं। उनके गाने “सावन में लग गई आग” को यूएस बेस्ड सिंगर पिंकी पारस ने रीमिक्स किया था। सिंगर आज अपना 46वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रहे है। आइए इनके जन्मदिन पर जानते हैं इनसे जुड़ी कुछ खास बातें-
मीका सिंह की पर्सनल लाइफ
मीका सिंह का जन्म 10 जून 1977 को दुर्गापुर में हुआ था। इनके पिता का नाम अजमेर सिंह चंदन और माता का नाम बलबीर कौर है। मीका सिंह का असली नाम अमरीक सिंह है और सिंगर अपने 6 भाईयों में सबसे छोटे हैं। मीका ने बहुत कम उम्र से ही सिंगिंग की शिक्षा लेनी शुरू कर दी थी। मीका सिंह बॉलीवुड में गाने से पहले भजन और कीर्तन में गाया करते थे लेकिन इनके गाने ‘सावन में लग गई आग’ ने तहलका मचा दिया था और इस गाने के बदौलत ही मीका को इंडस्ट्री में पहचान मिली थी।
मीका से जुड़ा विवाद
वहीं मीका सिंह की बात करें तो इनका विवादों से पुराना नाता है। दरअसल, साल 2006 में मीका सिंह का नाम तब चर्चा में आने लगा जब सिंगर ने राखी सावंत को जबरन पकड़कर किस कर लिया था। इसके बाद राखी सावंत ने काफी हंगामा किया था और मीका के खिलाफ केस भी दर्ज कराया था।
