February 16, 2026

Hind foucs news

hindi new update

दिल्ली में यमुना नदी में प्रलंयकारी बाढ़, उत्तराखंड के कई जिलों में भी भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, रुकी केदारनाथ यात्रा

नई दिल्ली। जबरदस्त बारिश और बाढ़ से अभी देश के कई राज्यों में हालात बेकाबू बने हुए हैं। राजधानी दिल्ली में यमुना नदी खतरे के निशान को पार कर 207.18 मीटर पर बह रही है। पिछले 10 साल में दिल्ली में यमुना नदी का ये सबसे उच्चतम स्तर है। यमुना में बाढ़ की वजह से दिल्ली के निचले इलाकों से 40000 से ज्यादा लोगों को हटाकर सुरक्षित जगह पहुंचाया गया है। हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से और 3 लाख क्यूसेक पानी यमुना में छोड़ा गया है। वहीं, ओखला बैराज के भी सभी गेट खोल दिए गए हैं। वहीं, उत्तराखंड में भी गंगा नदी उफान पर है। ऋषिकेश में गंगा का पानी काफी ऊपर और तेज बह रहा है। मौसम की विकरालता को देखते हुए केदारनाथ यात्रा फिलहाल रोक दी गई है।

उत्तराखंड में बारिश और बाढ़ की वजह से अब तक 16 लोगों की जान गई है। यहां राजधानी देहरादून और उत्तरकाशी समेत कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान मौसम विभाग ने लगाया है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के तमाम जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मॉनसून की शुरुआत में ही जिस तरह हिमाचल से लेकर मैदान तक नदियों ने हाहाकार मचाया है, वैसा बीते करीब 20 साल में नहीं देखा गया था। पंजाब में भी तमाम गांवों में नदियों का पानी घुसा है। पंजाब में अब तक 8 लोगों की मौत होने की खबर है। राज्य सरकार ने लोगों को बचाने के लिए तमाम इंतजाम किए हैं।

उधर, यूपी में भी 57 जिलों में भारी बारिश होने के आसार मौसम विभाग ने बताए हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने अफसरों के साथ मीटिंग कर इन जिलों में राहत और बचाव के लिए सभी संभव कदम उठाने का निर्देश दिया है। बात करें हिमाचल की, तो कई इलाकों में बारिश का दौर कुछ कम हुआ है, लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि यहां गुरुवार से हालात कुछ संभलने के आसार हैं। हिमाचल और उत्तराखंड में नदियां सैकड़ों हाइवे और पुल बहा ले गई हैं। इसकी वजह से इन इलाकों का देश के बाकी हिस्सों से संपर्क टूट गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *