दिल्ली पर फिर गहराया बाढ़ का खतरा, हथिनीकुंड से छोड़ा गया 2 लाख क्यूसेक पानी, मुंबई और आसपास जमकर बारिश
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली पर एक बार फिर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में 2 लाख क्यूसेक से ज्यादा पानी छोड़ा गया है। आज रात तक दिल्ली से होकर बहने वाली यमुना नदी में ये पानी पहुंचने के आसार हैं। ऐसे में फिर बाढ़ का कहर राजधानी पर बरपने के आसार दिख रहे हैं। प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है और लोगों को यमुना से दूर रहने की चेतावनी दी है। वहीं, हरियाणा और हिमाचल को जोड़ने वाले जगाधरी-पोंटा साहिब सड़क पर बाढ़ का पानी और मलबा आ गया। इससे कलेसर मठ के पास यातायात पर असर पड़ा है।
देश की राजधानी पर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है, तो वहीं देश की आर्थिक राजधानी मुंबई और महाराष्ट्र के तमाम इलाकों में जमकर बारिश हो रही है। मुंबई में कई जगह बारिश से जलभराव होने की जानकारी मिली है। मौसम विभाग ने पहले ही मुंबई और आसपास के इलाकों के लिए अलर्ट जारी किया था। मौसम विभाग के मुताबिक 5 दिन तक यहां काफी बारिश होने की उम्मीद है। मुंबई में एक तरफ समुद्र है, तो दूसरी तरफ ऊंचाई वाला हिस्सा है। इसी ऊंचे हिस्से से बारिश में पानी बहकर समुद्र वाले इलाके की तरफ जाता है। इससे मुंबई में जलभराव होता है।
उधर, देश के कुछ हिस्सों में अभी ठीक से बारिश नहीं हुई है। पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों के बारे में मौसम विभाग का कहना है कि इन इलाकों में सामान्य बारिश भी अभी दर्ज नहीं की गई है। इससे यहां धान की फसल को खतरा है। हालांकि, अभी बारिश का मौसम बचा है। ऐसे में कम बारिश वाले इलाकों में भी आगे चलकर झमाझम पानी गिरने की उम्मीद बरकरार है। फिलहाल देश के तमाम इलाकों में मॉनसून की ट्रफ लाइन है और इससे बारिश के जारी रहने की बात कही जा रही है।
