‘रॉकी और रानी’ ने एक हफ्ते में अपनी सॉलिड कमाई से किया वो कमाल जिसमें पठान रह गई पीछे, थिएटर में लंबा टिकेगी फिल्म!
नई दिल्ली। रणबीर सिंह-आलिया भट्ट स्टारर फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ दर्शकों को एंटरटेनमेंट का फुल मील परोस रही है, जिसका स्वाद दर्शकों को काफी पसंद भी आ रहा है। इस फिल्म से करण जौहर ने सात साल बाद डायरेक्शन की कुर्सी संभाली है और दर्शकों को लुभाने में कामयाब भी हो रहे हैं। करण की ये फिल्म सिर्फ एक प्रेम कहानी ही नहीं बल्कि एक फैमिली ड्रामा भी है। वेब सीरीज, थ्रिलर-एक्शन और सेक्सुअल कंटेंट्स वाले समय में करण की इस फिल्म में फैमिली का एंगल लोगों के बीच काफी पॉपुलर हो रहा है। हालांकि, पिछले शुक्रवार सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म की शुरुआत पहले दिन उम्मीद से थोड़ी फीकी रही लेकिन पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ और बेहतरीन रिव्यूज की बदौलत, शनिवार से फिल्म की कमाई में बड़ा जंप आना शुरू हुआ।
पहले वीकेंड में फिल्म ने लगभग 46 करोड़ का नेट इंडिया कलेक्शन किया है। वीकेंड में ताबड़तोड़ कमाई करने वाली रॉकी और रानी का असली टेस्ट मंडे हुआ, जब फिल्म ने साबित किया कि ये फिल्म थिएटर में लंबा टिकने वाली है।
‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ ने सोमवार को 7.02 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। लेकिन मंगलवार को फिल्म की कमाई में छोटा सा जंप देखने को मिला। मंगलवार को फिल्म ने 7.30 करोड़ का कलेक्शन किया। ये जंप भले ही देखने में छोटा है लेकिन पांचवें दिन कमाई बढ़ना किसी भी फिल्म के लिए एक बहुत अच्छा साइन होता है। ऐसा इस साल आई फिल्म पठान, सत्यप्रेम की कथा आदि फ़िल्में भी नहीं कर पाई थी।
ट्रेड रिपोर्ट्स मुताबिक 7वें दिन ‘रॉकी और रानी’ ने बॉक्स ऑफिस पर 6 से 6.5 करोड़ रुपये तक का कलेक्शन किया है। अगर इसमें गुरुवार की कमाई को जोड़ दें तो एक हफ्ते में फिल्म का नेट इंडिया कलेक्शन 73 करोड़ रुपये पहुंच चुका है। बॉक्स ऑफिस पर 11 करोड़ रुपये से शुरुआत करने वाली फिल्म के लिए 7 दिन में 73 करोड़ का कलेक्शन बहुत ही शानदार है।
