June 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

हिमाचल के सोलन में बादल फटने से 7 लोगों की मौत, शिमला में लैंडस्लाइड के बाद 30 लोग मलबे में दबे

शिमला। हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम रौद्र रूप दिखा रहा है। रविवार देर रात हिमाचल प्रदेश के सोलन के जडौण गांव के ऊपर बादल फट गया। इससे कई घर बह गए। बादल फटने से मारे गए 7 लोगों के शव बरामद हुए हैं। खबर लिखे जाने तक 3 लोग लापता थे। वहीं, 6 लोगों को बचाया गया है। मंडी जिले में  भी कुछ लोग लापता बताए जा रहे हैं। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, शिमला में भारी बारिश के कारण हुए लैंडस्लाइड में एक शिव मंदिर में 30 लोगों के दबने की खबर है। इन सभी को बचाने की कोशिश चल रही है। हिमाचल में मूसलाधार बारिश की भविष्यवाणी मौसम विभाग ने पहले ही कर दी थी। अब जबरदस्त बारिश की वजह से राज्य में नदियां फिर उफना रही हैं। मंडी जिले में ब्यास नदी में जबरदस्त उफान आने की खबर है। इसे देखते हुए मंडी और ब्यास नदी के किनारे बसे अन्य जगहों पर अलर्ट जारी किया गया है।

हिमाचल प्रदेश में मॉनसून के इस सीजन में पहले भी जमकर तबाही मच चुकी है। राज्य में पिछले दिनों हुई जबरदस्त बारिश से 700 से ज्यादा सड़कें तबाह हुई थीं। अब भी इनकी पूरी तरह मरम्मत नहीं हो सकी है। अब एक बार फिर मौसम का कहर हिमाचल प्रदेश पर टूटा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिन तक हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में जबरदस्त बारिश के आसार हैं। इससे हालात और खराब हो सकते हैं। हिमाचल प्रदेश सरकार ने पहले ही गंभीरता को आंकते हुए आज राज्य में सभी स्कूल और कॉलेजों को बंद करने का आदेश दिया था।

उधर, उत्तराखंड में भी जबरदस्त बारिश होने की खबर है। इससे ऋषिकेश में गंगा नदी में उफान आ गया है। उत्तराखंड सिंचाई विभाग के अनुसार ऋषिकेश में गंगा नदी आज सुबह खतरे के निशान से 75 सेंटीमीटर ऊपर बह रही थी। गंगा का पानी तेज बहाव के साथ मैदानी इलाकों की ओर जा रहा है। इससे पश्चिम यूपी के भी कुछ जिलों में बाढ़ का खतरा मंडरा सकता है। बीते दिनों भी गंगा नदी में बाढ़ से यूपी के पश्चिमी कुछ जिलों में नुकसान हुआ था। उत्तराखंड के कई अन्य जगह भी बारिश का कहर देखने को मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *