बॉक्स ऑफिस पर कोहराम मचाते हुए ‘एनिमल’ ने तोड़ा ‘जवान’ का रिकॉर्ड, पहुंची 300 करोड़ के करीब
नई दिल्ली। फिल्म ”एनिमल” के नाम पर अभिनेता रणबीर कपूर के हाथ अलादीन का वो चिराग लगा है जिसकी ख्वाहिश इंडस्ट्री के हर एक्टर को होती है। इस क्राइम-ड्रामा फिल्म ने अपनी रिलीज के पहले दिन से ही बॉक्स ऑफिस पर बंपर कमाई का धागा खोल दिया है और महज चार दिनों के अंदर ये फिल्म वर्ल्डवाइड 400 करोड़ कमाने वाली फिल्मों के क्लब में शामिल हो चुकी है। घरेलू बॉक्स ऑफिस पर भी इस फिल्म ने अब तक 250 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर डाली है। तो आइए आपको बताते हैं रणबीर कपूर की फिल्म ”एनिमल” की कमाई का पूरा रिपोर्ट कार्ड…
रणबीर कपूर की फिल्म ”एनिमल” ने शुक्रवार, 1 दिसंबर को सिनेमाघरों में दस्तक दी। रिलीज के साथ ही ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुनामी लेकर आई। फिल्म में रणबीर कपूर और बॉबी देओल का खूंखार अंदाज देखने के लिए टिकट खिड़कियों पर खचाखच भीड़ नजर आ रही है। फिल्म की धुंआधार एडवांस बुकिंग जारी है, जिसे देखते हुए कई शहरों में फिल्म के एक्स्ट्रा शोज भी चलाए जा रहे हैं, बावजूद इसके तमाम शोज हाउसफुल जा रहे हैं… जिसके चलते मेकर्स की चांदी हो रही है फिल्म जमकर नोट बटोर रही है।
”एनिमल” ने तोड़ा ”जवान” का रिकॉर्ड
”एनिमल” की कमाई की बात करें तो फिल्म ने 63.8 करोड़ से ओपनिंग की थी। इसके बाद एनिमल ने दूसरे दिन 66.27 करोड़ का कलेक्शन किया। तीसरे दिन यानी रविवार को छप्परफार कलेक्शन करते हुए फिल्म ने 71.46 करोड़ बटोरे। चौथे दिन सोमवार को भी ये फिल्म मंडे टेस्ट में सफल रही और 39.9 लगभग 40 करोड़ का कारोबार किया। ”एनिमल” के हिंदी वर्जन ने अपने पहले सोमवार को 40 करोड़ का कलेक्शन करके शाहरुख खान की हिट फिल्म जवान का भी रिकॉर्ड तोड़ दिया है। ‘जवान’ ने अपने फर्स्ट मंडे पर 32 करोड़ रुपए की कमाई की थी। अब फिल्म के पांचवें दिन यानी मंगलवार की कमाई के शुरूआती आंकड़े भी सामने आ गए हैं।
‘एनिमल’ 300 करोड़ के पहुंची बेहद करीब
सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक ‘एनिमल’ ने रिलीज के पांचवें दिन अभी तक 6.02 करोड़ की कमाई कर डाली है। इसी के साथ घरेलु बॉक्स ऑफिस पार ‘एनिमल’ की पांच दिनों की कुल कमाई अब 247.45 करोड़ रुपये हो गई है। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार को ‘एनिमल’ के लिए एडवांस बुकिंग में 4 लाख 43 हजार टिकटें बुक की गयी थी, जिससे फिल्म ने 10 करोड़ 22 लाख रुपये कमाए। ऐसे में ‘एनिमल’ ने अपने रिलीज के पांचवें दिन 250 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है और अब ये 300 करोड़ के क्लब में शामिल होने के बेहद नजदीक भी पहुंच चुकी है।
