असम में राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं पर हिंसा भड़काने और साजिश का केस, मल्लिकार्जुन खरगे ने पलटवार में अमित शाह को लिखी चिट्ठी
गुवाहाटी। एक तरफ असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा के आदेश पर राहुल गांधी समेत कांग्रेस के तमाम नेताओं पर आपराधिक केस दर्ज हुआ है। वहीं, कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राहुल गांधी को बीजेपी कार्यकर्ताओं से खतरा बताते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को चिट्ठी लिखी है।
राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल, कन्हैया कुमार और अन्य कांग्रेस नेताओं पर असम पुलिस ने हिंसा भड़काने के आरोप में केस दर्ज किया है। राहुल गांधी अभी भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाल रहे हैं और असम में हैं। असम पुलिस और सीएम हिमंत बिस्व सरमा का आरोप है कि राहुल गांधी और कांग्रेस के नेताओं ने कार्यकर्ताओं को उकसाया और गुवाहाटी में प्रवेश करने के लिए बैरिकेड तोड़े गए। इसके अलावा पुलिस से झड़प भी हुई। गुवाहाटी के पुलिस कमिश्नर दिगंत बोरा ने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं से झड़प में 4 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
हिमंत बिस्व सरमा ने अपने एक्स हैंडल पर वीडियो जारी किया था और आरोप लगाया था कि सबूत है कि राहुल गांधी और कांग्रेस के नेता ने किस तरह पुलिसवालों को पीटने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भड़काया।
सीएम हिमंत बिस्व सरमा के मुताबिक राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल, कन्हैया कुमार और अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने साजिश रचने की धारा 120 (बी), 143, 147, 188, 283, 353, 332, 333, 427, पीडीपीपी (लोक संपत्ति नुकसान निवारण) अधिनियम की धारा तीन के तहत केस दर्ज किया है। हिमंत बिस्व सरमा ने इससे पहले राज्य के डीजीपी को भीड़ उकसाने के लिए राहुल गांधी के खिलाफ केस दर्ज करने का निर्देश दिया था। हिमंत बिस्व सरमा ने अपने एक्स पोस्ट में ये भी कहा था कि असम में किसी को भी कानून हाथ में लेने नहीं दिया जाएगा। वहीं, राहुल गांधी ने केस दर्ज होने को सीएम बिस्व सरमा के दिल में डर होना बताया है। अभी पुलिस ने कांग्रेस नेताओं को गिरफ्तार नहीं किया है। राहुल गांधी अभी असम के बारपेटा में भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाल रहे हैं।
वहीं, कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि असम पुलिस ने बीजेपी कार्यकर्ताओं से साठगांठ के तहत राहुल गांधी के काफिले के पास आने दिया। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी की सुरक्षा इस वजह से खतरे में पड़ी। कांग्रेस ने मल्लिकार्जुन खरगे की अमित शाह को लिखी चिट्ठी जारी की है। इस चिट्ठी में खरगे ने शाह को बताया है कि असम में राहुल गांधी की सुरक्षा को किस तरह खतरा पैदा हो गया।
