June 30, 2026

Hind foucs news

hindi new update

हिमाचल कांग्रेस के 6 विधायकों की सदस्यता रद्द, राज्यसभा चुनाव में की थी बीजेपी के पक्ष में क्रॉस वोटिंग, पार्टी में रार और बढ़ने के आसार

शिमला। हिमाचल कांग्रेस में मचा घमासान अब नया रंग ले सकता है। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कांग्रेस के 6 विधायकों की सदस्यता रद्द करने का फैसला सुनाया है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि बजट पास होते वक्त ये सभी कांग्रेस विधायक मौजूद नहीं थे और उन्होंने पार्टी व्हिप का उल्लंघन किया। खास बात ये है कि इन सभी कांग्रेस विधायकों ने राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग भी की थी और अपनी पार्टी के प्रत्याशी अभिषेक मनु सिंघवी की जगह बीजेपी के उम्मीदवार हर्ष महाजन को वोट दिया था। अब विधानसभा की सदस्यता रद्द होने के बाद कांग्रेस के इन विधायकों के कोर्ट जाने की संभावना है। वहीं, इन विधायकों की नाराजगी और उस वजह से पार्टी में मची रार आने वाले वक्त में कांग्रेस की सरकार पर भारी पड़ सकती है।

कांग्रेस के ये 6 विधायक राज्यसभा चुनाव में वोट डालने के बाद हरियाणा के पंचकूला भी चले गए थे। इसी के बाद कांग्रेस ने सभी की सदस्यता रद्द करने का आवेदन हिमाचल विधानसभा अध्यक्ष के सामने किया था। विधानसभा अध्यक्ष ने बुधवार को इस आवेदन पर सुनवाई करने के बाद फैसला सुरक्षित कर लिया था और आज अपने फैसले में कह दिया कि कांग्रेस के सभी 6 विधायकों की सदस्यता तत्काल प्रभाव से रद्द की जाती है। इससे पहले कांग्रेस की तरफ से भेजे गए पर्यवेक्षकों भूपेंद्र सिंह हुड्डा, डीके शिवकुमार ने पार्टी के सभी विधायकों से बातचीत भी की थी। वहीं, आज सुबह सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांग्रेस विधायकों को अपने आवास पर ब्रेकफास्ट मीटिंग के लिए भी बुलाया था।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के कुल सदस्यों की संख्या 68 है। कांग्रेस के 40 विधायक चुने गए थे। वहीं, बीजेपी के 25 विधायक चुनकर आए थे। इसके अलावा 3 निर्दलीय विधायक भी हिमाचल विधानसभा में हैं। कांग्रेस के 6 विधायकों की सदस्यता जाने के बाद अब सदन में विधायकों की संख्या 62 रह गई है। कांग्रेस के पास 34 विधायक बचे हैं। इस तरह बहुमत का आंकड़ा फिलहाल 33 विधायकों का है और कांग्रेस के पास इससे 1 ही ज्यादा विधायक है।