May 16, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बीजेपी ने मंडी लोकसभा सीट से कंगना रानौत को दिया है टिकट

नई दिल्ली। बीजेपी ने एक्टर कंगना रानौत को हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से लोकसभा चुनाव का टिकट दिया है। कंगना रानौत ने इसके लिए बीजेपी को धन्यवाद दिया है, लेकिन सवाल ये है कि क्या मंडी संसदीय सीट को कंगना जीत सकेंगी? इस सवाल की बड़ी वजह ये है कि मंडी संसदीय सीट पर अब तक कांग्रेस का ही ज्यादातर कब्जा रहा है। यहां से निवर्तमान सांसद भी कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह हैं। यहां प्रतिभा सिंह और उनके पति वीरभद्र सिंह (अब स्वर्गीय) का ही दबदबा देखने को मिलता रहा है।

मंडी संसदीय सीट से 3 बार कांग्रेस के टिकट पर वीरभद्र सिंह चुनाव जीते। वहीं, प्रतिभा सिंह भी 3 बार सांसद रही हैं। साल 2009 में कांग्रेस के पक्ष में मंडी का माहौल नहीं था। इसके बावजूद वीरभद्र सिंह ने चुनाव जीता था। 2021 में उप चुनाव को भी प्रतिभा सिंह जीतने में सफल रही थीं। मंडी संसदीय सीट से इस बार प्रतिभा सिंह ने लोकसभा चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। हिमाचल कांग्रेस में अंदरखाने काफी टकराव भी है। ऐसे में कंगना के लिए मंडी में जीत हासिल करने का मौका मिल सकता है। वैसे कंगना रानौत के परिवार के लिए मंडी सीट पर चुनाव लड़ना नई बात नहीं है। साल 1952 में कंगना के परदादा सरजू सिंह रानौत मंडी की भांबला सीट से विधायक चुने गए थे। अब कंगना रानौत यहां से बीजेपी की प्रत्याशी बनाई गई हैं।

अगर मंडी सीट का मौजूदा सियासी हाल देखें, तो यहां की 9 विधानसभा सीटों पर बीजेपी ने पिछले विधानसभा चुनाव में कब्जा जमाया था। मंडी संसदीय क्षेत्र में 17 विधानसभा सीटें हैं। अब कांग्रेस में टकराव के बाद लाहौल स्पीति के पूर्व विधायक बीजेपी में आ गए हैं। मंडी जिले की सभी 9 विधानसभा सीटें बीजेपी के पास ही हैं। कुल्लू में 2 विधानसभा सीट और भरमौर विधानसभा सीट भी बीजेपी के पास है। ऐसे में कंगना के लिए हालात विषम तो नहीं दिख रहे। बस लोकसभा चुनाव जीतने के लिए उनको वीरभद्र सिंह और प्रतिभा सिंह के समर्थकों को अपने पाले में करने की जरूरत है।