व्यक्ति ने नहर में लगाई थी छलांग, नहीं आई एंबुलेंस तो पुलिस ने ई रिक्शा से शव को भेजा अस्पताल…
यमुनानगर: यमुनानगर में हमीदा कॉलोनी के रहने वाले 40 साल के व्यक्ति ने नहर में कूदकर सुसाइड कर लिया। हालांकि आत्महत्या के कारणों का खुलासा तो नहीं हो पाया, लेकिन उसके सुसाइड ने प्रशासन पर एक बार फिर से सवाल उठा दिए हैं। बताया जा रहा है कि हेमंत अपने किसी साथी के साथ बाइक पर बैठकर हमीदा स्थित नहर पर पहुंचा था, अचानक से उसने नहर में छलांग लगा दी। हालांकि उसके साथी ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन बचा नहीं पाया। आसपास के लोगों ने डायल 112 को इसकी सूचना दी। डायल 112 के पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और साथ लगते यमुनानगर सिटी थाना को इसकी सूचना दी। थाना प्रभारी जगदीश चंद्र मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस के लिए फोन किया।
लेकिन आधा घंटा बीत जाने के बाद जब एंबुलेंस नहीं पहुंची तो ई रिक्शा के जरिेए शव को सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए पहुंचाया। वहीं पुलिस ने गोताखोर राजीव को तुरंत मौके पर बुलाया। उन्होंने 10 मिनट के भीतर ही शव को नहर से निकाल दिया। यमुनानगर सिविल अस्पताल से घटनास्थल की दूरी महज 3 किलोमीटर है, लेकिन मौके पर एंबुलेंस न पहुंचना कई तरह के सवाल जरूर उठाती है।
NEWS SOURCE : punjabkesari
