ममता बनर्जी की बहू का ED के सामने पेश होने से इनकार, कोरोना का बनाया बहाना
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी के सांसद भतीजे अभिषेक बनर्जी की पत्नी रुजिरा ने कोयला घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय के सामने पेश होने से इनकार कर दिया है। रुजिरा पर मनी लॉन्ड्रिंग का भी आरोप है। रुजिरा ने हाजिर होने से इनकार करते हुए कोरोना का बहाना बनाया है। उन्होंने जांच एजेंसी को लिखा है कि कोरोना की महामारी के दौरान वह आवागमन नहीं कर सकेंगी। ईडी के सहायक निदेशक को भेजी चिट्ठी में रुजिरा ने लिखा है कि उनके दो छोटे बच्चे हैं और कोरोना के बीच दिल्ली की यात्रा करना उन्हें और बच्चों को खतरे में डाल सकता है।
अभिषेक बनर्जी की पत्नी ने इस चिट्ठी में लिखा है कि कोलकाता में ईडी का दफ्तर है और जांच एजेंसी चाहे, तो उनसे घर पर पूछताछ कर सकती है। उन्होंने चिट्ठी में ये भी लिखा है कि जानकारी के मुताबिक मामला पश्चिम बंगाल से बाहर का है। इससे पहले सीबीआई कोयला घोटाले के मामले में रुजिरा से पूछताछ कर चुकी है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले सीबीआई अभिषेक बनर्जी के घर गई थी। इसके अलावा रुजिरा की बहन से भी पूछताछ की गई थी।
कोयला तस्करी मामले में ईडी ने अभिषेक और उनकी पत्नी को पूछताछ के लिए तलब किया था। रुजिरा बनर्जी को 1 सितंबर और अभिषेक बनर्जी को 6 सितंबर को दिल्ली में ईडी के दफ्तर बुलाया गया था। ईडी ने अभिषेक के वकील संजय बसु को भी पिंकन कांड में पूछताछ के लिए भी समन भेजा है। इसके अलावा जांच एजेंसी ने पश्चिम बंगाल पुलिस के दो सीनियर आईपीएस अफसर श्याम सिंह और ज्ञानवंत सिंह को भी 8 और 9 सितंबर को तलब किया है।
ईडी की तरफ से अभिषेक और रुजिरा को भेजे समन पर ममता बनर्जी बीते दिनों बीजेपी पर भड़की थीं। ममता ने कहा था कि बीजेपी लगातार केंद्रीय एजेंसियों को टीएमसी के खिलाफ इस्तेमाल कर रही है। ममता ने कहा था कि एक मामले के जवाब में वह कई मुद्दे उठाएंगी। उन्होंने कहा था कि हम जानते हैं कि जवाब किस तरह देना है।
