February 28, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पुणे पोर्श कार एक्सीडेंट के नाबालिग आरोपी का बदला गया था ब्लड सैंपल, दो डाक्टर गिरफ्तार

नई दिल्ली। पुणे पोर्श कार एक्सीडेंट मामले में अब एक और खुलासा हुआ है। घटना के बाद आरोपी नाबालिग के ब्लड सैंपल को बदल दिया गया था। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग के एचओडी समेत दो डाक्टरों को गिरफ्तार किया है। इस मामले पर जानकारी देते हुए पुणे पुलिस कमिश्नर अमितेश कुमार ने बताया, 19 मई को सुबह करीब 11 बजे नाबालिग को पुणे ससून अस्पताल में ब्लड सैंपल की जांच के लिए ले जाया गया था, वहां नाबालिग के खून के नमूने को अस्पताल के कूड़ेदान में फेंक दिया गया और दूसरे व्यक्ति का खून का नमूना लिया गया और फोरेंसिक लैब में भेजा गया।

पुलिस कमिश्नर के मुताबिक सीएमओ श्रीहरि हाल्नोर ने इस खून के नमूने को बदल दिया। जांच के दौरान हमने पाया कि ससून अस्पताल के फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग के एचओडी अजय तावरे के निर्देश पर श्रीहरि हल्नोर ने इसे बदला था। इन दोनों डाक्टरों को ही गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों डाक्टरों को खून का नमूना बदलने के लिए आरोपी के परिवार की तरफ से पैसों का लालच दिया गया था। आपको बता दें कि हादसे वाले दिन नाबालिग आरोपी नशे की हालत में पोर्श कार से बाइक सवार युवक और युवती को कुचल दिया था जिसमें उन दोनों की मौत हो गई।

जब नाबालिग का ब्लड सैंपल लिया गया तो ब्लड रिपोर्ट में शराब की पुष्टि नहीं हुई थी। इसी मामले को लेकर पुलिस ने फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग के एचओडी अजय तावरे और सीएमओ श्रीहरि हल्नोर से पूछताछ की जिसके बाद इन दोनों डाक्टरों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस इस मामले में नाबालिग के पिता विशाल अग्रवाल और दादा सुरेंद्र अग्रवाल को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। इन लोगों पर आरोप है कि उन्होंने घटना की जिम्मेदारी अपने ड्राइवर पर लेने के लिए उसे बंधक बनायाा और उसे तथा उसके परिवार को धमकी दी।