लोकसभा चुनाव के सातवें चरण के लिए मतदान कल, पीएम मोदी समेत ये दिग्गज आजमा रहे किस्मत
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 का 7वां और अंतिम चरण कल यानी 1 जून को है। इस दौरान 7 राज्यों और 1 केंद्र शासित प्रदेश में वोटिंग होगी। सातवें चरण में बिहार की 8, हिमाचल प्रदेश की 4, झारखंड की 3, ओडिशा की 6, पंजाब की 13, पश्चिम बंगाल की 9 और चंडीगढ़ लोकसभा सीट पर लोग वोट डालेंगे। लोकसभा चुनाव के सातवें चरण की वोटिंग के बाद 4 जून पर सबकी नजर रहेगी। 4 जून को ही लोकसभा चुनाव के नतीजे आएंगे। जिससे तय होगा कि तीसरी बार केंद्र में मोदी सरकार बनती है या विपक्ष के सिर सत्ता का सेहरा सजता है।
लोकसभा चुनाव के सातवें चरण में तमाम दिग्गज प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला भी वोटर करने वाले हैं। सबसे हाई प्रोफाइल सीट वाराणसी की है। यहां बीजेपी की तरफ से पीएम नरेंद्र मोदी उम्मीदवार हैं। कांग्रेस ने वाराणसी सीट से अपने यूपी प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को एक बार फिर मैदान में उतारा है। गोरखपुर सीट से रवि किशन बीजेपी के उम्मीदवार हैं। उनके खिलाफ समाजवादी पार्टी ने काजल निषाद को टिकट दिया है। गाजीपुर से बीजेपी के पारसनाथ राय और सपा के अफजाल अंसारी में मुकाबला है। हिमाचल की मंडी सीट पर एक्ट्रेस कंगना रानौत बीजेपी की प्रत्याशी हैं। यहां से कांग्रेस ने राज्य के मंत्री विक्रमादित्य सिंह को उतारा है।
बिहार की पटना साहिब सीट से बीजेपी ने फिर रविशंकर प्रसाद को मौका दिया है। रविशंकर प्रसाद के खिलाफ अंशुल अभिजीत विपक्ष के प्रत्याशी हैं। बिहार की काराकाट सीट पर एनडीए के उम्मीदवार उपेंद्र कुशवाहा हैं। उनके मुकाबले भोजपुरी सिंगर और एक्टर पवन सिंह बतौर निर्दलीय ताल ठोक रहे हैं। आरा से पूर्व केंद्रीय मंत्री आरके सिंह बीजेपी के प्रत्याशी हैं। जबकि, पाटलीपुत्र सीट से लालू यादव की बड़ी बेटी मीसा भारती और बीजेपी के रामकृपाल यादव के बीच टक्कर है। वहीं, पंजाब की बठिंडा सीट पर अकाली दल की हरसिमरत कौर बादल और बीजेपी की परमपाल कौर सिद्धू में मुकाबला है। चंडीगढ़ सीट पर कांग्रेस के मनीष तिवारी को बीजेपी के संजय टंडन चुनौती दे रहे हैं।
