May 15, 2026

Hind foucs news

hindi new update

‘पीएम मोदी के शपथ लेने के 15 दिन बाद ही उद्धव ठाकरे फिर एनडीए में आएंगे’,

मुंबई। उद्धव ठाकरे एक बार फिर बीजेपी के साथ आकर एनडीए में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं! ये दावा महाराष्ट्र की अमरावती सीट से बीजेपी की प्रत्याशी नवनीत राणा के विधायक पति रवि राणा ने किया है। रवि राणा ने कहा कि लोकसभा चुनाव में बीजेपी की बहुत बड़े बहुमत से जीत होगी और नरेंद्र मोदी फिर एक बार पीएम बनेंगे। रवि राणा ने कहा कि उद्धव ठाकरे हमारे बारे में टीका-टिप्पणी करते थे, लेकिन वो अब उस पिछले दरवाजे से एनडीए में शामिल होने वाले हैं, जिसे पीएम मोदी ने उनके लिए खुला रखा है। नवनीत राणा के विधायक पति रवि राणा ने कहा कि पीएम मोदी ने पहले कहा था कि उद्धव ठाकरे के लिए एनडीए के दरवाजे हमेशा खुले हैं। रवि राणा ने कहा कि नरेंद्र मोदी के पीएम पद की शपथ लेने के 15 दिन बाद ही उद्धव ठाकरे फिर एनडीए में शामिल होंगे।

रवि राणा ने कहा कि एकनाथ शिंदे और अजित पवार के शिवसेना और एनसीपी छोड़ने के बारे में उनकी बात सही साबित हुई है। रवि राणा ने दावा किया कि उनकी पत्नी नवनीत राणा अमरावती सीट से 2 लाख वोटों के अंतर से जीतेंगी। रवि राणा ने ये भी कहा कि पीएम मोदी ने अमरावती का काफी विकास कराया है। बता दें कि पीएम मोदी ने लोकसभा चुनाव के दौरान एक इंटरव्यू में उद्धव ठाकरे के पिता बालासाहेब ठाकरे को याद किया था। उन्होंने कहा था कि बालासाहेब का प्यार और स्नेह कभी नहीं भूल सकते। मोदी ने कहा था कि वो कभी बालासाहेब ठाकरे के खिलाफ कुछ नहीं बोल सकते। मोदी ने ये भी कहा था कि अगर उद्धव ठाकरे कभी मुसीबत में होंगे, तो उनकी मदद करने वाले वो पहले व्यक्ति होंगे।

बात नवनीत राणा और रवि राणा की करें, तो उद्धव ठाकरे से उनका सियासी आंकड़ा छत्तीस का है। हनुमान चालीसा का पाठ करने के मुद्दे पर उद्धव ठाकरे के महाराष्ट्र का सीएम रहते नवनीत राणा और रवि राणा को जेल भी जाना पड़ा था। दोनों पति-पत्नी उद्धव ठाकरे के घोर विरोध में दिखते रहे हैं। नवनीत राणा 2019 में निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर अमरावती सीट से लोकसभा का चुनाव जीती थीं। इस बार वो बीजेपी उम्मीदवार हैं। जबकि, रवि राणा ने भी बतौर निर्दलीय अमरावती विधानसभा सीट अपने नाम की थी।