विदेश मंत्री एस जयशंकर ने पद संभालते ही चीन और पाकिस्तान को दी नसीहत
नई दिल्ली। एस. जयशंकर ने नरेंद्र मोदी 3.0 सरकार में विदेश मंत्री का कार्यभार आज संभाल लिया। इसी के साथ लगातार दूसरी बार विदेश मंत्री बनने वाले जयशंकर पहले व्यक्ति बन गए हैं। पद ग्रहण करने के बाद उन्होंने चीन, पाकिस्तान के साथ रिश्तों पर बात करते हुए आने वाले समय में चुनौतियों से कैसे निपटा जाएगा ये भी बताया।
ये पूछे जाने पर कि आने वाले 5 सालों में चीन और पाकिस्तान के साथ संबंधों के बारे में बात करते हुए एस. जयशंकर ने कहा, चीन और पाकिस्तान दोनों अलग देश हैं और दोनों को लेकर मुद्दे भी अलग हैं। चीन को लेकर हमारा फोकस होगा कि हमारे अभी भी कुछ सीमा विवाद बचे हुए हैं उनको कैसे निपटाया जाए। वहीं पाकिस्तान के साथ सालों से आतंकवाद के मुद्दे को लेकर विवाद है उसका हल निकालना होगा। जब तक पाकिस्तान आतंकवाद का समर्थन करता रहेगा भारत से रिश्ते सुधर नहीं सकते। आतंकवाद और दोस्ती एक साथ नहीं चल सकती।
विदेश मंत्री ने इससे पहले कहा कि मुझे लगता है किसी भी देश में और खासतौर से जहां लोकतांत्रिक व्यवस्था हो, एक ही सरकार का लगातार तीन बार चुनकर आना बहुत बड़ी बात है। दुनिया को इससे संदेश जाएगा कि आज भारत में बहुत अधिक राजनीतिक स्थिरता है। भारत के लोग अपने प्रधानमंत्री पर बहुत भरोसा करते हैं। एस. जयशंकर ने विश्वास जताया कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आने वाले सालों में विदेश नीति में नए आयाम कायम करेगा। उन्होंने कहा कि आज दुनिया भर के देश अलग-अलग खेमों में बंट गए हैं। हर तरफ तनाव और युद्ध की स्थिति बनी हुई है। ऐसे मुश्किल समय में संकटग्रस्त देश भारत को अपना दोस्त मानते हुए हमसे मदद की उम्मीद रखते हैं क्यों कि पिछले कुछ सालों में अंतरराष्ट्रीय पटल पर भारत का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है।
