April 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप का सेमीफाइनल मैच आज, लेकिन बारिश बिगाड़ सकती है खेल

नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच आज गयाना के प्रॉविडेंस स्टेडियम में आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप का सेमीफाइनल मैच होना है। भारतीय समय के मुताबिक रात 8 बजे मैच आप देख सकेंगे, लेकिन इससे पहले गयाना के मौसम के बारे में खराब खबर आई है। गयाना में अगले कुछ दिन तक मौसम के खराब रहने का अनुमान है। बताया जा रहा है कि आज भारत और इंग्लैंड के बीच मैच के शुरू होने से पहले बारिश की संभावना 70 फीसदी है।

गयाना के मौसम के बारे में बताया गया है कि 27 जून को सुबह बारिश और दोपहर में गरज-चमक के साथ बारिश होगी। आईसीसी ने बारिश के हालात में मैच को कराने के लिए अतिरिक्त दिन नहीं रखा है। मैच देर तक खेला जा सके, इसके लिए 250 अतिरिक्त मिनट की व्यवस्था आईसीसी ने जरूर की है। ऐसे में मैच अगर धुल गया, तो इससे भारत को फाइनल में जाने का मौका मिल जाएगा। दरअसल भारत के 6 अंक और इंग्लैंड के 4 अंक हैं। वहीं, भारत का नेट रन रेट अब तक 2.017 रहा है। जबकि, इंग्लैंड का नेट रन रेट 1.992 ही है।

बारिश न हुई और गयाना में आज भारत और इंग्लैंड के बीच मैच हुआ, तो इस बारे में भी आपको बता देते हैं। गयाना के प्रॉविडेंस स्टेडियम की पिच धीमी रहती है और इस पर स्पिनर्स को मदद मिलती रही है। इस वजह से भारत के लिए ये मददगार साबित हो सकती हैं। इंग्लैंड पिछले आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप का विजेता रहा है। उसके पास स्पिनर्स की कमी है। इस तरह अगर भारतीय टीम टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करती है और इंग्लैंड के बल्लेबाजों को सस्ते में आउट करने में सफल रहती है, तो इससे उसके फाइनल में जाने के चांस काफी बढ़ जाएंगे। फिलहाल तो मौसम पर ही सबकी नजर है कि इंद्रदेव कहीं भारत और इंग्लैंड के बीच मैच में खलल न डाल दें।