April 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

Rain Alert: 23 राज्यों में अगले 5 दिन होगी जमकर बारिश, उत्तराखंड और हिमाचल के लिए येलो अलर्ट

नई दिल्ली। देश के तमाम राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का सिलसिला जारी है। इस बीच, मौसम विभाग ने अगले 5 दिन की बारिश का ताजा अनुमान जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 23 राज्यों में इस दौरान भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं। कई राज्यों के लिए यलो अलर्ट जारी हुआ है। बारिश के दौरान आसमानी बिजली गिरने से बिहार में बीते 24 घंटे में 21 और लोगों ने जान गंवाई है। बिहार में अब तक बिजली गिरने से 70 लोगों की मौत हो चुकी है। असम में बाढ़ के कारण 12 लाख लोग प्रभावित हैं। यूपी के भी 800 गांवों में बाढ़ का कहर है।

मौसम विभाग ने बताया है कि उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के अलावा नैनीताल, अल्मोड़ा, चंपावत, बागेश्वर, उत्तरकाशी, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश होगी। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट भी जारी हुआ है। वहीं, हिमाचल प्रदेश के भी तमाम इलाकों के लिए मौसम विभाग ने 17 जुलाई तक भारी बारिश का येलो अलर्ट दिया है। हिमाचल में बारिश के कारण हुए भूस्खलन से 10 सड़कों के बंद होने की खबर है। देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर में भी खूब बारिश हुई है। मौसम विभाग ने बताया है कि दिल्ली के अलावा गाजियाबाद, नोएडा, हरियाणा के फरीदाबाद समेत एनसीआर में बारिश के आसार हैं।

वहीं, पूर्वी और पश्चिमी यूपी, बिहार, गुजरात, कोंकण, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय और राजस्थान में खूब बारिश हो रही है। पूर्वी मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र के मध्य और विदर्भ, ओडिशा, कर्नाटक के तटीय इलाकों और अंडमान निकोबार में भी बीते 24 घंटे में भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई है। इन सभी राज्यों में अगले कुछ दिन तक इसी तरह बारिश का सिलसिला जारी रहने की बात मौसम विभाग ने ताजा अनुमान में कही है।