April 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

वीआईपी पार्टी अध्यक्ष मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की हत्या के 3 और आरोपी गिरफ्तार, कर्ज की रकम के मामले में ली गई थी जान

दरभंगा। बिहार में वीआईपी पार्टी के अध्यक्ष और सन ऑफ मल्लाह के नाम से पहचाने जाने वाले मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की हत्या के मामले में फरार 3 और आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जीतन सहनी की हत्या में गिरफ्तार आरोपियों के नाम सितारे, छोटे लहरी और मोहम्मद आजाद हैं। पुलिस इस मामले में मुख्य आरोपी काजिम अंसारी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की बीते दिनों घर में हत्या कर दी गई थी। हत्यारों ने धारदार हथियार से उनके शरीर को क्षत-विक्षत कर दिया था।

दरभंगा पुलिस ने जीतन सहनी की हत्या का खुलासा करने के लिए एसआईटी बनाई थी। एसआईटी ने जांच में पाया कि जीतन सहनी के घर की मेज पर 3 गिलास और कुछ कागज रखे थे। इसके बाद ही जांच की सुई इस ओर घूमी थी कि हत्यारे मुकेश सहनी के पिता के जानने वाले थे। पुलिस ने जब काजिम अंसारी को पकड़ा, तो पता चला कि जीतन सहनी ब्याज पर रकम देने का काम करते थे। उन्होंने काजिम को भी ब्याज पर रकम दी थी। इसके अलावा दो लोगों की बाइक भी रेहन रखी थी। इसी रकम के संबंध में काजिम और मुकेश सहनी के पिता के बीच झगड़ा भी हुआ था। जीतन सहनी से प्रॉपर्टी के कागजात लेने के लिए काजिम और उसके साथी घर पहुंचे थे और जब मुकेश सहनी के पिता ने कागजात देने से इनकार किया, तो धारदार चाकू से उनकी हत्या कर दी।

मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की हत्या के बाद बिहार की सियासत गर्मा गई थी। विपक्षी आरजेडी और कांग्रेस ने नीतीश कुमार सरकार पर महा जंगलराज को रोकने में विफल होने का आरोप लगाया था, लेकिन जब काजिम अंसारी गिरफ्तार हुआ और पता चला कि जीतन सहनी ब्याज पर रकम देते थे और इसी कारण हत्या हुई, तो विरोध करने वाले अचानक चुप भी हो गए। अब सितारे, छोटे लहरी और मोहम्मद आजाद की गिरफ्तारी के बाद जीतन सहनी की हत्या में और राज खुल सकते हैं।