April 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

हरियाणा के कांग्रेस विधायक सुरेंद्र पवार को ईडी ने किया गिरफ्तार, इस मामले में लिया गया एक्शन

नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने हरियाणा के सोनीपत से कांग्रेस विधायक सुरेंद्र पंवार को गिरफ्तार कर लिया है। सुरेंद्र पंवार पर अवैध खनन के मामले में ईडी ने यह एक्शन लिया है। ईडी ने पंवार को उनके अंबाला स्थित उनके ऑफिस से गिरफ्तार किया है। अब कांग्रेस विधायक को अंबाला के स्पेशल कोर्ट में पेश किया जाएगा जहां से ईडी उनकी रिमांड मांगेगी। ईडी को यमुनानगर, करनाल और हरियाणा के अन्य क्षेत्रों में हो रहे अवैध खनन की शिकायत मिली थी।

शिकायत में कहा गया था कि खनन की लीज खत्म होने के बाद भी बड़ी मात्रा में बजरी और रेत का अवैध खनन जारी है। जिसके बाद ईडी ने इसी साल जनवरी में सुरेंद्र पंवार, इनेलो के पूर्व विधायक दिलबाग सिंह और उनके साथियों के परिसरों पर छापेमारी की थी। सुरेंद्र पंवार और दिलबाग सिंह ने काफी लंबे समय तक पार्टनरशिप में खनन का काम किया है। जनवरी में लगभग 20 जगहों पर की गई छापेमारी में ईडी को सुरेंद्र पंवार के घर से तो कुछ खास नहीं मिला था, लेकिन इनेलो के पूर्व विधायक दिलबाग सिंह 5.29 करोड़ रुपये नकद, 1.89 करोड़ रुपये का सोना, अवैध विदेशी हथियार, 300 कारतूस और 100 से ज्यादा शराब की बोतलें मिली थीं। इसके बाद ईडी ने इनेलो के पूर्व विधायक दिलबाग सिंह और उनके सहयोगी कुलविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया था।

इसके बाद से ईडी लगातार इस मामले में जांच कर रही थी। इसी कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए आज कांग्रेस विधायक सुरेंद्र पंवार को भी गिरफ्तार कर लिया। आपको बता दें कि सुरेंद्र पंवार साल 2019 में कांग्रेस की टिकट पर सोनीपत से विधानसभा चुनाव जीतकर विधायक बने थे। चुनाव आयोग को दिए हलफनामे के आधार पर सुरेंद्र पंवार ने अपनी संपत्ति 27 करोड़ रुपए घोषित की थी। इस तरह से कांग्रेस विधायक सुरेंद्र पंवार हरियाणा के सबसे अमीर विधायकों में आते हैं।