April 18, 2026

Hind foucs news

hindi new update

सोना और चांदी खरीदना हो तो तुरंत चले जाइए बाजार, बजट के बाद कीमत में आई जबरदस्त गिरावट

नई दिल्ली। बजट अभी संसद से पास नहीं हुआ है, लेकिन इसमें किए गए एलान का असर बाजार पर दिखना शुरू हो गया है। मसलन सोना और चांदी की कीमतें कम हो गई हैं। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को बजट पेश करते समय बताया था कि सरकार अब सोना और चांदी पर 6 फीसदी कस्टम ड्यूटी लेगी। इसी का असर है कि दोनों कीमती धातुओं की कीमत में एक ही दिन में काफी गिरावट दर्ज की गई है।

सोना और चांदी पर केंद्र सरकार अब तक 15 फीसदी की दर से कस्टम ड्यूटी यानी सीमा शुल्क लेती थी। इस टैक्स के कारण आयातित सोना और चांदी महंगा बिकता था। अब बजट में कस्टम ड्यूटी घटाने के एलान के बाद सोना और चांदी बुधवार को 4000 रुपए सस्ते हो गए। अगर 24 जुलाई को सोने के रेट देखें, तो 24 कैरेट की कीमत प्रति 10 ग्राम 69190 रुपए है। जबकि, बजट वाले दिन 24 कैरेट सोना 73218 रुपए प्रति 10 ग्राम की कीमत पर बिक रहा था। इसी हिसाब से 22 कैरेट, 20 कैरेट, 18 कैरेट और 14 कैरेट सोने की कीमत भी घटी है। सोने की ज्वेलरी 22 और 18 कैरेट में ही ज्यादातर बनती है। 22 कैरेट सोने का अगर आप आज 10 ग्राम का जेवर लेते हैं, तो ये आपको 67530 रुपए में मिलेगा। जबकि, बीते कल इसकी कीमत 72925 थी। वहीं, 18 कैरेट सोने का 10 ग्राम का जेवर बुधवार को 56050 रुपए का बिक रहा है। इसकी कीमत में करीब 5000 रुपए की कमी आई है। ये आपको बता दें कि इस कीमत के साथ 3 फीसदी जीएसटी भी आपको देना होगा।

सोना के अलावा चांदी की कीमत में भी कमी आई है। चांदी की कीमत में प्रति किलोग्राम 4064 रुपए की कमी दर्ज की गई है। बुधवार यानी आज 1 किलो चांदी की कीमत 84919 हो गई है। जबकि, पहले चांदी की कीमत प्रति 1 किलो 88983 रुपए थी। सोना और चांदी की कीमतों के घटने से अब इसका कारोबार करने वालों के दिन भी बहुरने की बात कही जा रही है। वहीं, आम लोगों को दोनों कीमती धातुओं की खरीदारी में भी आसानी होगी। बता दें कि भारत में सबसे ज्यादा सोना खरीदा जाता है। इसे निवेश के लिए लोग बेहतरीन मानते हैं। साथ ही लोगों का मानना है कि बुरे वक्त में सोना बहुत फायदेमंद रहता है।