दिल्ली समेत तमाम राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, राष्ट्रीय राजधानी में आज स्कूल बंद; देशभर में हादसों ने ली तमाम लोगों की जान
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में बुधवार को जमकर बारिश हुई। देर रात तक बारिश होने से राजधानी में जगह-जगह जलभराव हो गया। दिल्ली में बारिश के बीच मयूर विहार इलाके में एक नाले में गिरने से 22 साल की महिला और उसके बच्चे की जान चली गई। 2 अन्य लोग एक अन्य हादसे में घायल हुए। दिल्ली में आज सभी स्कूल बंद रहेंगे। दिल्ली से सटे गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा और गाजियाबाद समेत एनसीआर में तमाम जगह भी भारी बारिश हुई।
ग्रेटर नोएडा के एक जिम में छत का हिस्सा गिरने से 2 लोगों के घायल होने की खबर है। वहीं, मौसम विभाग ने बताया है कि दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में आज भी भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा उत्तराखंड में भी भारी बारिश होने की आशंका मौसम विभाग ने जताई है। केदारनाथ के इलाके में बादल फटने की घटना हुई है। हिमाचल के मंडी और शिमला जिलों में बादल फटने की घटनाएं हुईं। मंडी जिले के थालथूखोड में बादल फटने से 1 की मौत होने और 9 के लापता होने की खबर है। वहीं, शिमला जिले के रामपुर के समेजखड में बादल फटने से 19 लोग लापता हैं।
मौसम विभाग ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश में भी भारी बारिश होगी। इसके अलावा पश्चिमी यूपी में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी मौसम विभाग ने दी है। पूर्वानुमान के अनुसार पूर्वी मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में शुक्रवार तक भारी बारिश होने का अनुमान है। महाराष्ट्र के विदर्भ इलाके के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। गुजरात के भी कई इलाकों में बहुत भारी बारिश की आशंका है। छत्तीसगढ़ के लिए भी भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है। मौसम विभाग के अनुसार केरल के वायनाड समेत तमाम इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। यहां के लिए भी अलर्ट जारी हुआ है। वहीं, सिक्किम, असम, मेघालय, मिजोरम और मणिपुर में भी काफी बारिश होने के आसार हैं।
जानकारी के मुताबिक बारिश से दिल्ली में ही हादसा नहीं हुआ। यूपी के अलग-अलग हिस्सों में भी बारिश के कारण बीते 24 घंटे में हादसे हुए। इनमें 15 लोगों की जान गई। वहीं, उत्तराखंड के रुड़की इलाके में 3 लोगों के जान गंवाने की खबर है। मौसम विभाग ने पहले ही जानकारी दी थी कि जुलाई से सितंबर के अंत तक देशभर में भारी बारिश हो सकती है। हालांकि, अब भी कुछ राज्य ऐसे हैं जहां बारिश कम हुई है। जून में देशभर में औसत से 19 फीसदी कम बारिश हुई थी। जुलाई के अंत से बारिश का दौर और तेज होने के आसार हैं।
