बीजेडी सांसद ममता मोहंता ने राज्यसभा की सदस्यता से दिया इस्तीफा, बीजेपी में हो सकती हैं शामिल
नई दिल्ली। ओडिशा में सत्ता गंवाने के बाद बीजू जनता दल (बीजेडी) को एक और झटका लगा। पार्टी की राज्यसभा सांसद ममता मोहंता ने राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। राज्यसभा के सभापति जगदीप धनकड़ ने ममता मोहंता का इस्तीफा स्वीकार भी कर लिया है। इसके साथ ही ममता मोहंता ने बीजेडी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है। ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि ममता जल्द ही बीजेपी में शामिल हो सकती हैं।
ममता मोहंता ने बीजेडी अध्यक्ष नवीन पटनायक को अपना इस्तीफा भेजते हुए कहा कि बीजू जनता दल को अब मेरी जरूरत नहीं रही। मैं जनता की सेवक हूं और लोगों की सेवा करना ही मेरा लक्ष्य है, इसलिए मुझे अब उस पार्टी में रहने की आवश्यकता नहीं है, यही कारण है कि मैंने बीजू जनता दल की प्राथमिक सदस्यता के साथ राज्यसभा सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है। वहीं, राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने बीजेडी सांसद ममता मोहंता के इस्तीफे की पुष्टि करते हुए कहा कि ममता ने व्यक्तिगत रूप से पत्र लिखकर इस्तीफा सौंपा है। उनके इस्तीफे को मैंने संवैधानिक रूप से सही पाया और इसलिए उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया।
ममता मोहंता साल 2020 में राज्यसभा सांसद के रूप में निर्वाचित हुई थीं। उन्होंने आज सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से अपने इस्तीफे के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बीजेडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को संबोधित करते हुए लिखा, मेरे क्षेत्र मयूरभंज के लोगों की सेवा करने और ओडिशा के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर ले जाने का मौका देने के लिए आपने मुझे राज्यसभा भेजा इसके लिए मैं आपका आभार व्यक्त करती हूं। लेकिन मुझे नहीं लगता कि पार्टी को अब मेरी या मेरे समुदाय के लोगों की जरूरत है जिसके चलते मुझे यह कठोर निर्णय लेने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
