ओडिशा के कटक स्थित एसीसीबी मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में लगी भीषण आग, 10 मरीजों ने गंवाई जान
कटक। ओडिशा के कटक में सोमवार तड़के करीब 2.30 से 3 बजे के बीच बड़ा हादसा हुआ। कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में अचानक भीषण आग लग गई। आग की वजह से 10 मरीजों की मौत की खबर है। घटना की जानकारी मिलने के बाद ओडिशा के सीएम मोहन चरण माझी तुरंत मौके पर पहुंचे और हादसे की वजह की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में मरीजों का हाल-चाल देखा। सीएम मोहन चरण माझी ने कटक मेडिकल कॉलेज में जान गंवाने वाले मरीजों के परिजनों को 25-25 लाख रुपए देने का एलान किया है। एसीबी मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में आग लगने के मामले की गहन जांच कराई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक एससीबी मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा केयर डिपार्टमेंट के आईसीयू में आग लगी। आग बहुत तेजी से फैल गई। आईसीयू में तमाम मर्जी भर्ती थे। जिनको निकालने की कोशिश स्टाफ ने की। वहीं, आग लगने की खबर मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। जिन्होंने अथक कोशिश के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने पर एससीबी मेडिकल कॉलेज के कर्मचारियों ने 23 मरीजों को दूसरी जगह शिफ्ट किया। इसमें मेडिकल कॉलेज के कई कर्मचारियों के झुलसने की भी खबर है। माना जा रहा है कि बिजली के शॉर्ट सर्किट की वजह से एससीबी मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में आग लगी। हालांकि, जांच के बाद ही इस बारे में और जानकारी मिलेगी।
जानकारी के मुताबिक आईसीयू में दाखिल मरीजों में से सात की मौत उनको निकालने के दौरान ही हो गई थी। अन्य तीन मरीजों की बाद में जान गई। इससे पहले भी देश के कई अस्पतालों में आग लगने और मरीजों की मौत होने की घटनाएं होती रही हैं। बिजली के कनेक्शन दीवार और फॉल्स सीलिंग के भीतर होने की वजह से उनमें शॉर्ट सर्किट तुरंत नजर नहीं आता। जिसकी वजह से स्पार्किंग होती है और इससे ज्वलनशील पदार्थों से बनी छत वगैरा तुरंत आग पकड़ लेते हैं। एससीबी मेडिकल कॉलेज में लगी आग से 10 मरीजों के जान गंवाने के बाद इस दिशा में निश्चित तौर पर सभी सरकारों और अस्पतालों के प्रबंधन को सोचना पड़ेगा।
