April 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

महिला अफसर को धमकी देकर फिर चर्चा में ममता बनर्जी के मंत्री अखिल गिरि

ताजपुर। पश्चिम बंगाल में महिलाओं के उत्पीड़न की खबरें और वीडियो बीते दिनों सामने आए थे। अब एक ताजा वीडियो आया है। जिसमें ममता बनर्जी की सरकार में मंत्री अखिल गिरि एक अफसर को धमकी देते नजर आ रहे हैं। बीजेपी ने इस वीडियो को शेयर कर ममता बनर्जी की सरकार को घेरा है। वहीं, सत्तारूढ़ टीएमसी बैकफुट पर दिख रही है। ममता बनर्जी की सरकार में मंत्री अखिल गिरि इससे पहले भी तब विवाद में घिरे थे, जब उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के रंग-रूप पर विवादित टिप्पणी की थी।

ममता के मंत्री अखिल गिरि का ये वीडियो पूर्वी मेदिनीपुर जिले के ताजपुर का बताया जा रहा है। आरोप है कि मंत्री ने वन विभाग की महिला अफसर को उस समय धमकी दी, जब वो ताजपुर में समुद्र तट पर वन विभाग की जमीन से अवैध कब्जे हटा रही थीं। ये दुकानें समुद्र के किनारे थीं और ज्वार के वक्त पानी में डूब जाती थीं। शुक्रवार रात इन दुकानों को वन विभाग ने हटवा दिया। इसके बाद शनिवार को जब अफसर मौके पर पहुंचीं, तब अखिल गिरि और उनके साथ आए दुकानदारों से झड़प हो गई। इस दौरान अखिल गिरि ने वन विभाग की महिला अफसर के बारे में अमर्यादित भाषा का भी इस्तेमाल किया। आरोप है कि महिला अफसर को डंडे से पीटने तक की बात कही। देखिए अखिल गिरि का वो वीडियो, जिसे बीजेपी ने शेयर किया है।

इस मामले में अखिल गिरि ने सफाई दी है कि वन विभाग गरीब लोगों को परेशान कर रहा है। वहीं, टीएमसी और सरकार बैकफुट पर आते दिखे। ममता बनर्जी सरकार में वन मंत्री बिरबाहा हांसदा ने महिला अफसर से संपर्क कर घटना की जानकारी ली। वहीं, टीएमसी के प्रवक्ता कुणाल घोष ने मीडिया से कहा कि अखिल गिरि के शब्दों और व्यवहार का पार्टी विरोध करती है। अगर वन विभाग के बारे में कुछ कहना था, तो हांसदा को बता सकते थे। महिला अफसर से हुए व्यवहार को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कुणाल घोष ने कहा कि हम इसका समर्थन नहीं करते। सीएम ममता बनर्जी और टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी इस घटना पर नजर रख रहे हैं।