April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

PM मोदी की अलीगढ़ को सौगात, महाराजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय का किया शिलान्यास

अलीगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दो दिन के अलीगढ़ दौरे पर पहुंचे गए हैं। जहां प्रधानमंत्री मोदी ने महाराजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया। इस दौरान राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी मौज़ूद रहीं। इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, ”आज अलीगढ़ के लिए, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए बहुत बड़ा दिन है। आज राधाष्टमी है, जो आज के दिन को और भी पुनीत बनाता है। बृज भूमि के कण-कण में राधा ही राधा हैं। मैं पूरे देश को राधाष्टमी की हार्दिक बधाई देता हूं।”

पीएम मोदी ने कहा, मैं आज स्वर्गीय कल्याण सिंह जी की अनुपस्थिति बहुत ज्यादा महसूस कर रहा हूं। आज कल्याण सिंह जी हमारे साथ होते तो राजा महेन्द्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय और डिफेंस सेक्टर में बन रही अलीगढ़ की नई पहचान को देखकर बहुत खुश हुए होते। उन्होंने कहा कि, आज जब देश अपनी आजादी के 75 वर्ष का पर्व मना रहा है, आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है, तो इन कोशिशों को और गति दी गई है। भारत की आजादी में राजा महेन्द्र प्रताप सिंह जी के योगदान को नमन करने का ये प्रयास ऐसा ही एक पावन अवसर है।

पीएम मोदी के संबोधन की अहम बातें-

आज उत्तर प्रदेश देश और दुनिया के हर छोटे-बड़े निवेशक के लिए बहुत आकर्षक स्थान बनता जा रहा है। ये तब होता है जब निवेश के लिए जरूरी माहौल बनता है, जरूरी सुविधाएं मिलती हैं। आज यूपी डबल इंजन सरकार के डबल लाभ का एक बहुत बड़ा उदाहरण बन रहा है।

कल तक जो अलीगढ़ तालों के जरिए घरों, दुकानों की रक्षा करता था, वो 21वीं सदी में हिंदुस्तान की सीमाओं की रक्षा करने का काम करेगा। वन डिस्ट्रिक, वन प्रोडक्ट के माध्यम से यूपी सरकार ने अलीगढ़ के तालों और हार्डवेयर को एक नई पहचान दिलाने का काम किया है।

अलीगढ़ में ही रक्षा उत्पादन से जुड़ी डेढ़ दर्जन कंपनियां सैकड़ों करोड़ रु के निवेश से हजारों नए रोजगार बनाने वाली है। अलीगढ़ नोड में छोटे हथियार, आयुध, ड्रोन, एयरोस्पेस, मैटर कंपोनेंट्स, एंटी ड्रोन सिस्टम जैसे उत्पाद बन सकें, इसके लिए नए उद्योग लगाए जा रहे हैं।

आज देश ही नहीं दुनिया भी देख रही है कि आधुनिक ग्रेनेड और राइफल से लेकर लड़ाकू विमान, ड्रोन, युद्धपोत तक भारत में ही निर्मित किए जा रहे है। भारत दुनिया के एक बड़े defence importer की छवि से बाहर निकलकर दुनिया के एक अहम defence exporter की नई पहचान बनाने की तरफ बढ़ रहा है।

आज जिस विश्वविद्यालय का शिलान्यास हुआ है, वो आधुनिक शिक्षा का एक बड़ा केंद्र तो बनेगा ही, साथ ही देश में रक्षा से जुड़ी पढ़ाई, रक्षा उत्पादन से जुड़ी तकनीक और मैनपावर बनाने वाला सेंटर भी बनेगा।

वृंदावन में आधुनिक टेक्निकल कॉलेज, उन्होंने अपने संसाधनों, अपनी पैतृक संपत्ति दान करके बनवाया था। अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के लिए भी बड़ी जमीन राजा महेन्द्र प्रताप सिंह जी ने ही दी थी

आज देश के प्रधानमंत्री के नाते मुझे फिर से एक बार ये सौभाग्य मिला है कि मैं राजा महेंद्र प्रताप सिंह जैसे विजनरी और महान स्वतंत्रता सेनानी के नाम पर बन रहे विश्वविद्यालय का शिलान्यास कर रहा हूं।

उनकी गाथाओं को जानने से देश की कई पीढ़ियां वंचित रह गईं। 20वीं सदी की उन गलतियों को आज 21वीं सदी का भारत सुधार रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *