पेरिस ओलंपिक में इतिहास रचते हुए नीरज चोपड़ा ने दिलाया भारत को सिल्वर मेडल, पाकिस्तान के अरशद ने हासिल किया गोल्ड
नई दिल्ली। पेरिस ओलंपिक के जैवलिन थ्रो इवेंट में एक और ऐतिहासिक रात देखने को मिली, पाकिस्तान के अरशद नदीम ने गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया और नीरज चोपड़ा ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया। ग्रेनाडा के पीटर एंडरसन ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल सुनिश्चित कर लिया। इसके साथ ही यह पेरिस ओलंपिक 2024 में भारत के लिए पांचवा पदक है इसमें चार ब्रॉन्ज मेडल भारत पहले ही जीत चुका है और आज चौथा ब्रॉन्ज़ मेडल शाम को भारतीय हॉकी टीम ने स्पेन को हराते हुए जीता था।
अरशद का ऐतिहासिक थ्रो, नीरज ने भी कर दिया कमाल
अरशद नदीम ने अपने दूसरे प्रयास में 92.97 मीटर का अविश्वसनीय थ्रो करते हुए गोल्ड मेडल सुनिश्चित किया। इस थ्रो ने न केवल उन्हें प्रतियोगिता में शीर्ष पर पहुंचाया, बल्कि उन्होंने 90 मीटर की दूरी को फिर से पार करके एक नया रिकॉर्ड बना दिया। आखिरी थ्रो में अरशद ने 91.70 मीटर का थ्रो करके नया ओलंपिक रिकॉर्ड भी स्थापित किया था।
रज चोपड़ा, जिन्होंने अपने दूसरे प्रयास में 89.45 मीटर की थ्रो फेंकी थी, वह उनका सीजन बेस्ट थ्रो रहा, लेकिन वह अरशद के शानदार प्रदर्शन के सामने पर्याप्त नहीं था। नीरज के लिए यह प्रतियोगिता संघर्षपूर्ण रही, क्योंकि उन्होंने कुल 6 प्रयासों में से 4 में फाउल किया। उनका आखिरी थ्रो भी फाउल ही रहा, जिससे उन्हें सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा।
पीटर एंडरसन का प्रभावशाली प्रदर्शन
ग्रेनाडा के पीटर एंडरसन ने भी इस प्रतियोगिता में अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। उन्होंने 88.50 मीटर की दूरी तक भाला फेंककर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। पीटर ने अपने 5वें प्रयास में 87.38 मीटर दूर भाला फेंका, लेकिन इससे उनका स्थान नहीं बदला और वह तीसरे पायदान पर बने रहे। जर्मनी के जूलियन वेबर ने अपने आखिरी थ्रो में 84.09 मीटर की दूरी पर भाला फेंका, लेकिन वह मेडल की दौड़ से बाहर हो गए। इस बीच, नीरज चोपड़ा के आखिरी थ्रो पर सबकी निगाहें थीं, लेकिन दुर्भाग्य से वह फिर से फाउल कर गए, जिससे गोल्ड जीतने का उनका सपना अधूरा रह गया।
