April 18, 2026

Hind foucs news

hindi new update

विनेश फोगाट भारत पहुंचकर हुईं भावुक, नहीं रोक सकीं आंसू, दिल्ली एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत

नई दिल्ली। भारतीय रेसलर विनेश फोगाट पेरिस से आज भारत लौट आई हैं। दिल्ली एयरपोर्ट पर विनेश के स्वागत के लिए ओलंपिक मेडल विजेता रह चुके बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक भी पहुंचे। इसके अलावा हजारों की संख्या में समर्थक विनेश के ग्रांड वेलकम के लिए एयरपोर्ट के बाहर पहुंचे। एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही विनेश साक्षी मलिक से गले मिलकर इमोशनल हो गईं और अपने आंसुओं को नहीं रोक पाईं। साक्षी और बजरंग ने विनेश को ढांढस बंधाया।

इस दौरान विनेश ने कहा कि मैं अपने देश के सभी लोगों को बहुत धन्यवाद करती हूं और मैं बहुत भाग्यशाली हूं जो मुझे अपने देशवासियों का इतना प्यार मिल रहा है। इस दौरान विनेश के चेहरे पर ओलंपिक मेडल पाने का सपना पूरा न होने का दर्द साफ दिख रहा था। आपको बात दें कि विनेश ने पहले संन्यास की घोषणा की थी मगर कल उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया जिससे ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि विनेश आगे कुश्ती खेलना जारी रख सकती हैं।

वहीं, रेसलर साक्षी मलिक ने कहा कि विनेश ने देश के लिए जो किया है, वह बहुत कम लोग कर पाते हैं। विनेश को अधिक से अधिक सम्मान और सराहना मिलनी चाहिए। विनेश ने पदक के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया। इसके बाद विनेश का काफिला एयरपोर्ट से उनके गांव की तरफ चल दिया। रास्ते में जगह-जगह विनेश का स्वागत किया जाएगा। हालांकि हरियाणा में विधानसभा चुनाव के चलते आचार संहिता लागू हो गई है जिस कारण से विनेश के स्वागत में होने वाले सरकारी कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है। उधर विनेश के गांव में भी उनके स्वागत की भव्य तैयारी है।

आपको बता दें पेरिस ओलंपिक में महिला रेसलंग के 50 किलो वर्ग में विनेश फाइनल में पहुंच चुकी थीं लेकिन फाइनल से पहले उनका वजन कुछ बढ़ा पाया गया जिसके चलते उनको अयोग्य करार दिया गया। विनेश ने खेल पंचाट न्यायालय के समक्ष सिल्वर मेडल दिए जाने की मांग उठाई थी जिसे खारिज कर दिया गया।